Ujjain: भगवान महाकाल के दरबार में मनेगा रक्षाबंधन, लड्ड़ूओं का लगेगा महाभोग

रक्षाबंधन यानि राखी पूर्णिमा पर परम्परानुसार भस्म आरती में लगने वाले सवा लाख लड्डूओं का भोग भगवान महाकाल को अर्पित किया जाएगा, जिसके लिए लड्डू बनाने का शुभारंभ किया गया है। मंदिर समिति अध्यक्ष एंव कलेक्टर व पुजारी परिवार द्वारा लड्डू बनाने से पहले भट्टी का पूजन किया गया।
श्री महाकालेश्वर मंदिर में रक्षाबंधन के पवित्र पर्व पर परंपरा अनुसार इस वर्ष भी जनेऊ पाती पुजारी परिवार द्वारा सवा लाख लड्डुओं का भोग भस्म आरती के दौरान भगवान श्री महाकालेश्वर को अर्पित किया जाएगा। श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष एवं कलेक्टर नीरज कुमार सिंह द्वारा भट्टी पूजन कर भोग बनाने का शुभारंभ किया गया। उज्जैन नगर पालिक निगम अध्यक्ष कलावती यादव ने भी श्री महाकालेश्वर मंदिर में बन रहे श्री महाकालेश्वर भगवान को रक्षाबंधन पर अर्पित होने वाले सवा लाख लड्डुओं के भोग के लडडू बनाने में अपनी सेवा दी।
श्री महाकालेश्वर मंदिर के पुजारी आशीष शर्मा ने बताया कि, परंपरा अनुसार यह भोग भस्म आरती पुजारी के माध्यम से भगवान श्री महाकालेश्वर को अर्पित किया जाता है। इसके पश्चात यह भोग मंदिर में श्री महाकालेश्वर भगवान जी के दर्शन हेतु आने वाले भक्तों में वितरित किया जाता है।
इस वर्ष श्री महाकालेश्वर भगवान को शासकीय पुजारी घनश्याम शर्मा, संजय शर्मा, विकास शर्मा, मनोज शर्मा व समस्त जनेऊ पाती पुजारी परिवार के माध्यम से सवा लाख लड्डूओ का भोग अर्पित किया जा रहा है।