बुधनी-विजयपुर उपचुनाव को लेकर कांग्रेस ने खोले पत्ते, कौन पड़ेगा किस पर भारी, जानिए

बुधनी और विजयपुर उपचुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपने प्रत्याशियों का ऐलान कर दिया है , बुधनी से पूर्व मंत्री राजकुमार पटेल और विजयपुर से मुकेश मल्होत्रा को प्रत्याशी बनाया गया है , खास बात ये है कि बुधनी के रण ने इंडिया गठबंधन की फूट को एकबार फिर उजागर कर दिया , बुधनी से समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस के बागी अर्जुन आर्य को अपना उम्मीदवार बनाया है।
मध्यप्रदेश में दो सीटों पर हो रहे उपचुनाव बीजेपी और कांग्रेस के लिए प्रतिष्ठा का सवाल बन चुके है। बीजेपी के बाद अब कांग्रेस ने भी दोनों सीटों पर प्रत्याशियों का ऐलान कर दिया है। कांग्रेस ने बुधनी सीट पर राजकुमार पटेल को प्रत्याशी बनाया है। उनका मुकाबला बीजेपी के रमाकांत भार्गव से होगा। वहीं विजयपुर सीट पर मुकेश मल्होत्रा को टिकट दिया है। उनका मुकाबला वन मंत्री रामनिवास रावत से होगा।
राजकुमार पटेल बुधनी विधानसभा सीट से 1993 से 1998 तक विधायक रहे हैं। उसी दौरान शिक्षा राज्यमंत्री रहे। 1998 में उनके बडे़ भाई देवकुमार पटेल को टिकट मिला था। राजकुमार पटेल छात्र जीवन से ही राजनीति में सक्रिय रहे हैं।
बुधनी में प्रत्याशी चयन में बीजेपी कांग्रेस ने जातिगत समीकरणों को ध्यान में रखा है। बुधनी की सियासत में किसी की जीत हार में किरार समाज का वोटर सबसे महत्वपूर्ण होता है, किरार समाज को वोटर्स को साधने के लिए राजकुमार पटेल को मैदान में उतारा गया है। रमाकांत भार्गव सामान्य वर्ग से आते है जबकि राजकुमार पटेल ओबीसी वर्ग से आते है लिहाजा बीजेपी का वोटर इसबार बंटते हुए नजर आएगा। लेकिन बुधनी में इंडिया गठबंधन की अंदरूनी लड़ाई भी उज्जागर हुई है , समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस के बागी अर्जुन आर्य को अपना प्रत्याशी बनाया है। अर्जुन आर्य लम्बे समय से कांग्रेस में टिकट दावेदारी कर रहे थे, और निराश होकर सपा ज्वाइन कर ली। अर्जुन आर्य यहाँ कांग्रेस का खेल बिगाड़ सकते है।
कांग्रेस ने विजयपुर सीट से जिस मुकेश मल्होत्रा का प्रत्याशी बनाया हैं, वे 2023 के विधानसभा चुनाव में इसी सीट से निर्दलीय चुनाव लड़े थे। वे इस चुनाव में तीसरे नंबर पर रहे थे। उन्हें 44 हजार से ज्यादा वोट मिले थे। मुकेश मल्होत्रा सहरिया जनजाति से आते हैं। ऐसे में विजयवापुर में बीजेपी को कड़ी टक्कर मिलने वाली है।