MP में कांग्रेस विधायकों का प्रदर्शन, विधानसभा में उठा जल जीवन मिशन का मुद्दा

मध्य प्रदेश में कांग्रेस विधायकों ने जल जीवन मिशन में भ्रष्टाचार होने का आरोप लगाया। सत्र के आखिरी दिन विधायक विधायक विजयपाल सिंह ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की नल जल योजना को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि योजना के तहत ठेकेदारों ने सड़कों को खोद कर छोड़ दिया है, जिससे जनता परेशान हो रही है। इस पर मंत्री संपतिया उइके ने जवाब दिया कि सड़कों का सुधार कार्य किया जा रहा है। इस पर नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंगर ने कहा कि पिछली बार भी सदन में यह जानकारी दी गई थी। इस पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। वहीं भाजपा के वरिष्ठ नेता गोपाल भार्गव ने कहा कि यह समस्या सभी के क्षेत्र में है। इस पर एक कमेटी बनाकर इसकी मॉनिटरिंग की जाना चाहिए।
मंत्री ने कहा कि हमने 450 ठेकेदारों को ब्लैक लिस्ट किया। कांग्रेस विधायक रामकिशोर दोगने का कहना है कि जगह-जगह पाइप लाइन टूटी पड़ी है। घरों तक पानी नहीं पहुंच रहा है। ठेकेदारों को राशि का भुगतान करने के लिए सरपंचों पर दबाव डाला जा रहा है। उन्हें काम पूरा होने का प्रमाणीकरण देने को मजबूर किया जा रहा है। कांग्रेस के पूर्व विधायक और मंत्री सचिन यादव ने कहा कि जल जीवन मिशन में घोटाला हुआ है। जल जीवन मिशन के लिए निर्धारित मापदंड पूरे नहीं किए गए है। जहां पानी की व्यवस्था हो गई है वहां अशुद्ध पानी पहुंच रहा है। समय-समय पर इस भ्रष्टाचार को उजागर करने का काम किया है। सरकार सोती रही इसलिए इतनी बड़ी योजना फेल हो गई है। केंद्र की योजना का लाभ जमीनी स्तर पर पहुंचने की बात पर कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा की योजनाएं एवं दावे सिर्फ कागजों तक सीमित है, योजनाओं का लाभ जनता तक नहीं पहुंच रहा है।
जल जीवन मिशन में अधिकारियों, भाजपा नेताओं-कार्यकर्ताओं ने 40 फीसदी कमीशन तक भ्रष्टाचार किया है। सत्र के चौथे दिन गुरुवार को विरोध स्वरूप विधायक हाथ में नल की टोंटी और पाइप लेकर विधानसभा परिसर में पहुंचे थे।जल जीवन मिशन में गड़बड़ी होने और घर तक पानी न पहुंचने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस विधायकों ने प्रदर्शन किया। विधायकों ने नल की टोंटी और पाइप लेकर जल जीवन मिशन में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार होने का आरोप लगाए।