विजयपुर में हार के बाद सियासत, सिंधिया के बयान पर भगवानदास सबनानी ने कही बड़ी बात

विजयपुर उपचुनाव में वन मंत्री रामनिवास रावत की हार के बाद केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के प्रचार करने नहीं जाने को लेकर सवाल खड़ हो रहे है। इस पर सिंधिया ने कहा कि उनको प्रचार करने ही नहीं बुलाया गया है। इस पर भाजपा विधायक भगवानदास सबनानी ने कहा कि, उनको कई बार आमंत्रित किया गया, लेकिन वह प्रचार करने नहीं पहुंच सके थे।
विजयपुर उपचुनाव में मिली हार को लेकर भाजपा में अंदरूनी विवाद गहरा गया है। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने हार के बाद यह बयान दिया था कि, अगर उन्हें प्रचार के लिए बुलाया जाता, तो वह जरूर आते। लेकिन इस पर भाजपा विधायक भगवान दास सबनानी ने अपनी बात रखी है। उनका कहना है कि सिंधिया को कई बार आमंत्रित किया गया था, लेकिन व्यस्तता के कारण वे विजयपुर नहीं जा सके थे।
भोपाल दक्षिण पश्चिम के भाजपा विधायक भगवान दास सबनानी ने कहा कि, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और संगठन महामंत्री ने ज्योतिरादित्य सिंधिया से विजयपुर आने का आग्रह किया था। लेकिन व्यस्तता के चलते वे नहीं आए। उन्होंने यह भी कहा कि सिंधिया का नाम स्टार प्रचारकों की सूची में था, लेकिन उन्होंने कई बार आग्रह करने के बाद भी प्रचार में हिस्सा नहीं लिया।