MP: 100 नए सदस्य बनाओ, मंडल अध्यक्ष बन जाओ, ये है BJP का फॉर्मूला

100 नए सदस्य बनाओ और बूथ अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष बन जाओ, जी हां ये है बीजेपी का पॉलिटिक्स ऑफ परफार्मेंस फॉर्मूला! जो कार्यकर्ता कम से कम 100 नए सदस्य बनाएगा, वो बीजेपी में नियुक्ति पाएगा।
3 सितंबर से मध्यप्रदेश में भाजपा का सदस्यता अभियान चल रहा है। इस अभियान में एमपी को दो करोड़ नए सदस्य बनाने हैं। इस सदस्यता अभियान में बूथ अध्यक्ष से लेकर मंत्री, विधायक, सांसद से लेकर सभी पदाधिकारियों को नए सदस्य बनाने का टारगेट दिया गया है।
पॉलिटिक्स ऑफ परफॉरमेंस के फॉर्मुले पर अब बीजेपी काम करने वालों को सरकार और संगठन में मौका देगी। अब बूथ अध्यक्ष, मंडल पदाधिकारी और मंडल अध्यक्ष बनने के लिए कम से कम सौ नए सदस्य बनाने जरूरी होंगे। सदस्यता अभियान के डेटा की डेली निगरानी भोपाल और दिल्ली से हो रही है।
सूत्रों के मुताबिक लंबे समय से खाली पडे़ पद पर नियुक्तियों की कवायद शुरू हो गई थी। लेकिन, सदस्यता अभियान शुरू होने के बाद इसे टाल दिया गया है। अब सदस्यता अभियान में जो जैसा काम करेगा, उसे वैसी जिम्मेदारी मिलेगी। संघ की पृष्ठभूमि से आने वाले लोगों को छोड़ दिया जाए, तो अब सरकार और संगठन में होने वाली नियुक्तियों में सदस्यता अभियान का काम बड़ा आधार बनेगा।
बीजेपी द्वारा जिलों को जारी की गई विधानसभाओं की लिस्ट में डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा के विधानसभा क्षेत्र मल्हारगढ़ में सबसे अच्छी सदस्यता हुई है। मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के विधानसभा क्षेत्र इंदौर क्रमांक 1 और विधायक रमेश मेंदोला की सीट इंदौर क्रमांक 2 में भी अच्छी सदस्यता हुई है।