MP: पचमढ़ी में BJP का प्रशिक्षण शिविर, उमंग सिंघार ने साधा निशाना

मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने राजधानी भोपाल में मीडियाकर्मियों से चर्चा करते हुए बीजेपी सरकार पर जमकर हमला बोला, जहां नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने पचमढ़ी में आयोजित बीजेपी के शिविर को ढोंग बताया।
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि, इतने दिनों बाद ये क्यों कहना पड़ रहा है, इसका एक ही मतलब है कि या तो ये अज्ञानी हैं या सत्ता के मद में मदहोश हो गए हैं। उमंग सिंघार ने कहा कि, भारतीय जनता पार्टी अब गुरुर में है, लेकिन जैसे लोकसभा चुनाव में पीएम मोदी और अमित शाह का 400 पार का नारा फेल हो गया अब मध्य प्रदेश की जनता आने वाले चुनाव में इनका गुरुर तोड़ेगी।
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने भाजपा के शिविर में आरएसएस के प्रशिक्षण पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि, उन्हें अपने नागपुर मुख्यालय पर तिरंगा लगाने में 50 साल क्यों लग गए। RSS में अब तक ST/SC वर्ग के किसी व्यक्ति को कभी सर संघ चालक क्यों नहीं बनाया गया? आरएसएस इन बातों का जवाब दे।
कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के बारे में बोलते हुए उमंग सिंघार ने कहा कि, एआईसीसी के पर्यवेक्षक जगह-जगह जा रहे हैं। कार्यकर्ताओं में बहुत उत्साह है। वो खुश है, उनसे बंद कमरे में, खुले में, मंच पर सब जगह बात हो रही है और यही राहुल गांधी जी का उद्देश्य है कि, आम कार्यकर्ता की बात शीर्ष नेतृत्व तक पहुंचे। इसमें पूरी कांग्रेस पार्टी जुटी है और एक महीने के अन्दर आपको नई कांग्रेस देखने की मिलेगी।