MP के किसानों को मोहन सरकार ने दी राहत, खाते में जमा हुआ मुआवजा

प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अतिवृष्टि और बाढ़ प्रभावित 11 जिलों के 17 हजार 500 किसानों के बैंक खातों में 20 करोड़ 6 लाख रुपए मुआवजा राशि सिंगल क्लिक पर जमा की है। इस मौके पर वर्चुअल चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि, धार के केला उत्पादक किसानों को आने वाले दिनों में केले के तने के रेशे का भी पैसा मिलेगा। क्योंकि धार जिले में जल्द ही इससे कपड़ा बनाने का कारखाना लगने वाला है।
प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि, किसानों की मुस्कान ही एमपी सरकार की ताकत है। बारिश ने उन्हें नुकसान पहुंचाया है पर जल्दी ही इसकी भरपाई भी यही बारिश कर देगी। किसानों का कल्याण हमारी प्राथमिकता है। डॉ. मोहन यादव बोले कि, राज्य सरकार वित्त वर्ष 2025-26 में अब तक विभिन्न प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावितों को 188.52 करोड़ की सहायता दे चुकी है। उन्होंने अनंत चतुर्दशी और अन्य त्यौहारों की बधाई भी दी।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सबसे पहले शिवपुरी फिर दमोह, अशोकनगर और छतरपुर के बाढ़ पीड़ितों से बात की है।