MP: अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती, CM मोहन यादव और हेमंत खंडेलवाल ने देखी प्रदर्शनी

राजधानी भोपाल में पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेई की जन्म जयंती के अवसर पर बीजेपी दफ्तर में उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। इस मौके पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने अटल जी के जीवन और विचारों पर आधारित विशेष प्रदर्शनी का शुभारंभ किया।
बीजेपी कार्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम में अटल बिहारी वाजपेई के 101वें जन्मोत्सव को विशेष रूप से मनाया गया। प्रदर्शनी में अटल जी के पत्रकारिता जीवन, राजनीतिक संघर्ष, प्रधानमंत्री के रूप में लिए गए ऐतिहासिक फैसलों और उनके सरल, सादगीपूर्ण व्यक्तित्व को चित्रों और दस्तावेजों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया। सीएम मोहन यादव और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने प्रदर्शनी का शुभारम्भ कर अवलोकन किया।
सीएम मोहन यादव ने कहा पूरा देश अटलजी के योगदान को याद कर रहा है। उन्होंने पत्रकारिता से लेकर राजनीति तक हर क्षेत्र में राष्ट्र सेवा की। बहुत सादगी से जीवन जिया और राष्ट्र के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया। लोकनायक और जननायक के रूप में अटल जी सदैव याद किए जाएंगे। हर दल का व्यक्ति अटलजी को सम्मान से देखता था।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश की विकास योजनाओं का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि मध्य प्रदेश में 2 लाख करोड़ रुपये से अधिक का निवेश आ रहा है और सरकार ने उद्योग वर्ष” मनाने का निर्णय लिया है। गौ-संरक्षण के लिए बसामन मामा गौशाला जैसी योजनाओं पर भी काम किया जा रहा है। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि, अटल बिहारी वाजपेई के विचार और कथन इतिहास में दर्ज हैं और आज भी हर नागरिक के लिए प्रेरणास्रोत हैं। आज उनके बताए मार्ग पर चलने की आवश्यकता है। मुख्यमंत्री की ओर से 2 लाख करोड़ के निवेश प्रस्तावों का भूमि पूजन किया गया। रीवा में प्राकृतिक खेती का मॉडल उनकी सोच का प्रमाण है।
कार्यक्रम के दौरान बीजेपी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया और अटल जी के विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।



