MP: पांढुर्णा में हनुमान लोक का लोकार्पण, CM मोहन यादव ने खोला विकास का खजाना

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने पांढुर्णा में विकास खजाना खोला है। सीएम मोहन ने हनुमान लोक का लोकार्पण कर क्षेत्र को विकास की नई उड़ान दे दी है, 362 करोड़ रुपए के 67 विकास कार्यों की सौगात के साथ सरकार ने साफ संकेत दे दिया है कि, अब छोटे जिले भी विकास के बड़े केंद्र बनेंगे।
पांढुर्णा के जाम सवाली हनुमान मंदिर में गुरुवार को आस्था और उत्साह का अद्भुत नजारा देखने को मिला। हनुमान लोक के भव्य लोकार्पण के साथ पूरा क्षेत्र जय श्रीराम और बजरंगबली के जयकारों से गूंज उठा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पूजा-अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली की कामना की और इसके साथ ही 362 करोड़ रुपए के 67 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया.
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि, जाम सवाली हनुमान मंदिर पहले से ही आस्था का प्रमुख केंद्र रहा है, लेकिन अब हनुमान लोक बनने के बाद यह देश के बड़े धार्मिक स्थलों में शामिल होगा। उन्होंने महाकाल लोक का उदाहरण देते हुए कहा कि, जिस तरह उज्जैन को वैश्विक पहचान मिली वैसे ही पांढुर्णा भी अब धार्मिक पर्यटन के नक्शे पर उभरेगा।
सरकार का फोकस सिर्फ धार्मिक विकास तक सीमित नहीं है। इसी कड़ी में सौसर में केंद्रीय विद्यालय, पांढुर्णा में कलेक्टर-एसपी कार्यालय, जिला अस्पताल, जिला पंचायत भवन और रेलवे ओवरब्रिज जैसे बड़े प्रोजेक्ट भी शुरू किए गए हैं जो क्षेत्र के इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करेंगे.
हनुमान लोक के निर्माण से स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बड़ा फायदा होगा। होटल, ट्रांसपोर्ट, छोटे व्यापार और हस्तशिल्प को बढ़ावा मिलेगा, जिससे युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार मिलेगा पांढुर्णा में हनुमान लोक का लोकार्पण सिर्फ एक धार्मिक आयोजन नहीं बल्कि विकास, रोजगार और पर्यटन का एक नया अध्याय भी है।



