MP: दतिया से कांग्रेस MLA राजेंद्र भारती को जेल!, भ्रष्टाचार के मामले में दोषी करार

मध्य प्रदेश की राजनीति में कांग्रेस के एक और विधायक कानूनी शिकंजे में फंस गए हैं। नरोत्तम मिश्रा को हराने वाले दतिया से कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती को दिल्ली की MP-MLA कोर्ट ने धोखाधड़ी के मामले में दोषी ठहरा दिया है और अब उन्हें गिरफ्तार कर तिहाड़ जेल भेज दिया गया है। राजेंद्र भारती के ऊपर गलत तरीके से एफडी बढ़वाने का आरोप है।
मध्य प्रदेश में कांग्रेस के लिए मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं, विजयपुर विधायक मुकेश मल्होत्रा के बाद अब दतिया से कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती भी कानूनी पचड़े में फंस गए हैं। दिल्ली की MP-MLA कोर्ट ने भूमि विकास बैंक से जुड़े मामले में राजेंद्र भारती को दोषी करार दिया है। कोर्ट ने उन्हें भारतीय दंड संहिता की धारा 420 यानी धोखाधड़ी के तहत दोषी माना है।
दरअसल, मामला एक फिक्स्ड डिपॉजिट यानी एफडी से जुड़ा है। विधायक राजेंद्र भारती ने अपनी मां के नाम बैंक में 10.50 लाख रुपए की एफडी तीन साल के लिए कराई थी, जिस पर 13.50% ब्याज मिल रहा था। आरोप है कि बाद में एफडी की अवधि 3 साल से बढ़ाकर 15 साल कर दी गई। इसी मामले में बैंक कर्मचारी नरेंद्र सिंह ने कोर्ट में शिकायत दर्ज कराई। कोर्ट ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए इसे धोखाधड़ी का मामला माना और केस दर्ज करने के आदेश दिए।
आपको बता दें कि, यह मामला करीब 25 साल पुराना है, जब राजेंद्र भारती जिला सहकारी कृषि ग्रामीण बैंक दतिया के अध्यक्ष थे और पद का दुरूपयोग करते हुए हुए उन्होंने एफडी की अवधि बढ़ाई और मोटा ब्याज लिया। राजेंद्र भारती एमपी के कद्दावर बीजेपी नेता पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा को चुनाव हराकर विधायक बने है, लेकिन अब कोर्ट की सजा से कांग्रेस की मुश्किलें बढ़ा दी है।



