MP: BJP संगठन में नियुक्ति, पूर्व विधायक गोपी कृष्ण नेमा को मिली बड़ी जिम्मेदारी

मध्यप्रदेश बीजेपी संगठन में बड़ी जिम्मेदारियों का एलान हुआ है। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने बीजेपी आजीवन सहयोग निधि 2026 के लिए नई प्रदेश टीम की घोषणा की है। पूर्व विधायक गोपी कृष्ण नेमा को आजीवन सहयोग निधि 2026 का प्रदेश प्रभारी बनाया गया.
भारतीय जनता पार्टी, मध्यप्रदेश में संगठन विस्तार और संसाधन सशक्तिकरण को लेकर सक्रिय नजर आ रही है। इसी कड़ी में प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने पूर्व विधायक गोपी कृष्ण नेमा को बीजेपी आजीवन सहयोग निधि 2026 का प्रदेश प्रभारी नियुक्त किया है। यह जिम्मेदारी संगठन के लिए आर्थिक मजबूती और कार्यकर्ताओं की सहभागिता को बढ़ाने की दृष्टि से बेहद अहम मानी जा रही है। इसके साथ ही प्रदेश प्रभारी की टीम को और मजबूत करते हुए पूर्व सांसद अलोक संजर और सतना महापौर योगेश ताम्रकर को बीजेपी आजीवन सहयोग निधि 2026 का सह प्रभारी घोषित किया गया है।
पार्टी सूत्रों की मानें तो आजीवन सहयोग निधि अभियान को लेकर यह टीम प्रदेशभर में व्यापक संपर्क अभियान चलाएगी। इसका उद्देश्य न केवल संगठन को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है, बल्कि पार्टी समर्थकों और कार्यकर्ताओं को 2026 के लक्ष्य से जोड़ना भी है।


