MP: कौन है हेमंत खंडेलवाल?, BJP प्रदेश अध्यक्ष की रेस में है सबसे आगे

BJP प्रदेश अध्यक्ष के लिए कई नाम चर्चा में हैं, लेकिन रेस में अब सबसे आगे बैतूल से विधायक और पूर्व सांसद हेमंत खंडेलवाल का नाम तेजी से आगे आया है। संघ और मुख्यमंत्री मोहन यादव की पसंद हेमंत खंडेलवाल आखिर कौन है.
वीडी शर्मा के कार्यकाल पूरा होने के बाद मध्य प्रदेश भाजपा की कमान अब किसके हाथ में जाएगी, इसका फैसला मंगलवार को नामांकन दाखिल होने के साथ लगभग साफ हो जाएगा। पार्टी ने सोमवार को चुनाव कार्यक्रम घोषित कर दिया। अगर सिर्फ एक नामांकन जमा होता है तो मंगलवार को ही अध्यक्ष निर्विरोध चुन लिया जाएगा। यदि दो या अधिक दावेदारों के उतरने की स्थिति में बुधवार को मतदान होगा। हालांकि, प्रदेशाध्यक्ष की दौड़ में बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल सबसे आगे हैं। हेमंत के नाम पर भाजपा के लगभग सभी नेताओं में अपनी सहमति दे दी है।
हेमंत खंडेलवाल संघ पृष्ठभूमि से आते हैं और मुख्यमंत्री मोहन यादव की पसंद है। उनकी संघ के अलावा पार्टी संगठन में भी मजबूत पकड़ है। वह बैतूल के पूर्व सांसद एवं दो बार के विधायक हैं। उनके पिता विजय कुमार खंडेलवाल बैतूल लोकसभा से तीन बार सांसद रह चुके हैं, तब से ही वह राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ और भाजपा से जुड़े हुए हैं। पिता के निधन के बाद हेमंत ने बैतूल लोकसभा से उपचुनाव लड़ा और निर्वाचित होकर सांसद बने। इसके बाद वह बैतूल विधानसभा से दूसरी बार के विधायक हैं।
हेमंत खंडेलवाल खुद को लो प्रोफाइल रखना पसंद करते है। हेमंत खंडेलवाल के संघ से जुडे होने और विवादों से दूर रहने के चलते पार्टी अब धीरे धीरे उनके नाम पर सहमति बना रही है। माना जा रहा है मध्य प्रदेश में वर्तमान में पदोन्नति में आरक्षण का मुद्दा गरमाया हुआ है, ऐसे में सामान्य वर्ग से प्रदेश अध्यक्ष बनाकर भाजपा सामन्य वर्ग को साधने की कोशिश करेगी।