MP कांग्रेस में नाराज नेताओं का एडजेस्टमेंट, जीतू पटवारी ने जारी की दूसरी लिस्ट

मध्य प्रदेश कांग्रेस की कार्यकारिणी घोषित होते ही सियासी बवाल शुरू हो गया। पीसीसी चीफ जीतू पटवारी पर कई दिग्गजों की अनदेखी करने के आरोप लगने के बाद अब कांग्रेस हाईकमान ने डेमेज कंट्रोल करते हुए अब पार्टी ने पॉलिटिकल अफेयर्स, अनुसाशन समिति, डीलिमिटेशन कमेटी का गठन कर उन नेताओं को साधने के लिए नया दांव खेला है जो नाराज थे।
दिवाली के बीच धनतेरस वाले दिन कांग्रेस ने अपने रूठे नेताओं के साधने के लिए नई लिस्ट जारी कर दी है। नई लिस्ट में पॉलिटिकल अफेयर्स, अनुसाशन समिति, डीलिमिटेशन कमेटी का गठन किया गया है। इसमें कई रूठे हुए नेताओं को जगह दी गई है। मध्यप्रदेश कांग्रेस की कार्यकारिणी पर वरिष्ठ नेताओं ने सवाल उठाए थे। दूसरी लिस्ट जारी करके नाराज नेताओं के नाम शामिल करके उन्हें मनाने की कोशिश की गई है। प्रदेश कांग्रेस में 84 सेक्रेटरी और 36 संयुक्त सचिव बनाए गए हैं।
संगठन की अनुशासन और पॉलिटिकल अफेयर कमेटी भी बनाई गई है। इसमें कमलनाथ और नकुलनाथ को भी जगह दी गई है। जीतू की टीम पर सवाल उठाने वाले वरिष्ठ कांग्रेस नेता अजय सिंह भी अब PAC का हिस्सा होंगे। पहली लिस्ट में कुल 177 पदाधिकारियों का ऐलान किया गया था। दूसरी लिस्ट में कुल 158 पदाधिकारी बनाए गए हैं। दोनों सूचियों को मिलाकर अब पीसीसी में 335 पदाधिकारी हो गए हैं।
बता दें कि पहली लिस्ट जारी होने के बाद पार्टी नेताओं में बहुत नाराजगी थी। इंदौर कांग्रेस के नेता प्रमोद टंडन ने तो पार्टी से इस्तीफा तक दे दिया। पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने भी सवाल उठाए थे। उधर, पूर्व सीएम कमलनाथ के बेटे नकुलनाथ को पीसीसी टीम में जगह नहीं मिलने पर बीजेपी ने निशाना साधा था। नेताओं की नाराजगी को देखते हुए दूसरी लिस्ट में कांग्रेस का एडजेस्टमेंट देखने को मिला।