MP: कांग्रेस में कमलनाथ VS दिग्विजय, सरकार गिरने पर सियासत गरमाई

सियासी गलियारों में हमेशा इस बात पर चर्चा होती रही है कि, दिग्विजय सिंह और ज्योतिरादित्य सिंधिया के बीच लड़ाई की वजह से सरकार गिरी. लेकिन दिग्विजय सिंह ने सरकार गिरने का दोष कमलनाथ पर मढ़ दिया, कमलनाथ और दिग्विजय की लड़ाई पर अब भाजपा हमलावर हो गई है.
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को कांग्रेस छोड़े हुए पांच साल हो गए हैं। अब तक सियासी गलियारों में यही माना जाता रहा है कि वह दिग्विजय सिंह की वजह से कांग्रेस छोड़कर गए हैं। पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने इसका कारण कमलनाथ को बताया था। दिग्विजय सिंह ने कहा कमलनाथ ने सिंधिया की बात नहीं मानी इसलिए सरकार गिर गई। कमलनाथ ने इसका जवाब देते हुए कहा- सिंधिया को लगता था कि सरकार दिग्विजय सिंह चला रहे हैं। इसी नाराजगी में उन्होंने कांग्रेस के विधायकों को तोड़ा और हमारी सरकार गिराई थी। दिग्विजय और कमलनाथ की लड़ाई पर बीजेपी हमलावर हो गई।
वहीं कैबिनेट मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि जनता कमलनाथ से जानना चाहती है कि क्या दिग्विजय सिंह सरकार चलाते थे, कांग्रेस गुट और गिरोह में बंटी हुई है , पहले भी तत्कालीन मंत्री और वर्त्तमान नेता प्रतिपक्ष ने भी दिग्विजय पर आरोप लगाए थे।
कुल मिलाकर मध्य प्रदेश की राजनीति एक बार फिर चर्चा में है. कांग्रेस के दो दिग्गज नेता दिग्विजय सिंह और कमलनाथ खुले तौर पर आमने-सामने आ गए हैं.