MP में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 42 IAS अफसरों का हुआ ट्रांसफर

मध्यप्रदेश में एक बार फिर आईएएस अफसरों के थोकबंद तबादले हुए हैं। सोमवार रात को सामान्य प्रशासन विभाग से जारी आदेश में 42 आईएएस अफसरों के ट्रांसफर कर दिए गए। मुख्यमंत्री के दो सचिव को भी इधर से उधर किया गया है।
मध्यप्रदेश में सोमवार देर रात बड़ा प्रशानिक फेरबदल किया है। एमपी सरकार ने भारतीय प्रशासनिक सेवा के 42 अधिकारियों का तबादला किया है। जिसमें मुख्यमंत्री मोहन यादव के दो सचिवों और 12 जिलाधिकारियों का नाम भी शामिल है। मुख्यमंत्री के सचिवों में से एक भरत यादव को मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम का प्रबंध निदेशक बनाया गया है, जबकि दूसरे सचिव अविनाश लवानिया को जबलपुर में ‘एमपी पावर मैनेजमेंट’ कंपनी का प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है।
12 जिलों के कलेक्टर बदल दिए गए हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जापान यात्रा पर जाने से पहले तबादले को हरी झंडी दी है।जारी आदेश में गुना, खरगोन, डिंडौरी, सीहोर, सतना, बड़वानी, टीकमगढ़, रायसेन, खंडवा, श्योपुर, देवास और बुरहानपुर जिले के कलेक्टर बदले गए हैं।