MP: CM मोहन यादव का दिल्ली दौरा, जेपी नड्डा से हुई खास मुलाकात

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के दिल्ली दौरे से मध्यप्रदेश को स्वास्थ्य सुविधाओं की बड़ी सौगात मिलने जा रही है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा रसायन और उर्वरक मंत्री जेपी नड्डा से हुई अहम मुलाकात के बाद तय हुआ है कि जेपी नड्डा जल्द ही मध्यप्रदेश दौरे पर आएंगे और कटनी में मेडिकल कॉलेज का भूमिपूजन करेंगे।
दिल्ली प्रवास पर पहुंचे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा रसायन और उर्वरक मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात की। इस दौरान प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, मेडिकल एजुकेशन और इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री मोहन यादव के आमंत्रण पर केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा 23 जनवरी को मध्यप्रदेश पहुंचेंगे। अगले दिन यानी 24 जनवरी को वे कटनी में प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज का भूमिपूजन करेंगे। इस मेडिकल कॉलेज के निर्माण से न सिर्फ कटनी बल्कि आसपास के जिलों को भी आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलेगा। इस परियोजना के पूरा होने के बाद प्रदेश के 41 जिलों में मेडिकल कॉलेज की सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे मेडिकल एजुकेशन को भी नई दिशा मिलेगी।
यानी साफ है कि मुख्यमंत्री के इस दिल्ली दौरे का सीधा फायदा प्रदेश की जनता को मिलने वाला है, कटनी में मेडिकल कॉलेज के भूमिपूजन के साथ मध्यप्रदेश स्वास्थ्य नक्शे पर एक नई पहचान बनाने की ओर कदम बढ़ा रहा है।



