MP: सावन के तीसरे सोमवार बाबा महाकाल के दिव्य दर्शन, गणेश स्वरूप में नर्मदा जल से अभिषेक

सावन के तीसरे सोमवार उज्जैन में बाबा महाकाल ने गणेश स्वरुप में अपने भक्तों को दर्शन दिए। रात 2:30 बजे बाबा महाकाल के पट खुले। ओंकारेश्वर का नर्मदा जल से बाबा महाकाल का अभिषेक किया गया, अभिनेत्री रुपाली गांगुली ने भी बाबा महाकाल के दर्शन किए।
श्रावण माह का तीसरा सोमवार है। उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर के सभा मंडप में वीरभद्र के कान में स्वस्ति वाचन कर चांदी का पट खोला गया। कर्पूर आरती की गई। नंदी हॉल में नंदी का स्नान, ध्यान, पूजन किया गया। जल से भगवान महाकाल का अभिषेक करने के बाद दूध, दही, घी, शक्कर, शहद और फलों के रस से बने पंचामृत से पूजन किया गया।
भगवान महाकाल का रजत चंद्र, त्रिशूल, मुकुट आभूषण के साथ भांग, चंदन, ड्रायफ्रूट से श्रृंगार कर भस्म चढ़ाई गई। शेषनाग का रजत मुकुट, रजत की मुण्डमाल और रुद्राक्ष के साथ-साथ फूलों की माला भगवान महाकाल ने धारण की है। विनायक चतुर्थी होने के कारण भगवान महाकाल का गणेश स्वरूप में श्रृंगार किया गया है।. टीवी कलाकार अनुपमा ने भी भोलेनाथ के दर्शन के लाभ लिए। रुपाली गांगुली ने कहा कि बाबा महाकाल का मंदिर मेरा मायका है। यही से सीरियल मिला।
पंडित आशीष गुरु ने बताया कि गुजरात और महाराष्ट्र में श्रावण का पहला सोमवार माना जाता है। श्री महाकालेश्वर मंदिर की पूजा पद्धति में महाराष्ट्र के पंचांग का उपयोग किया जाता है। यही कारण है कि, बाबा महाकाल के दर्शन करने के लिए गुजरात और महाराष्ट्र से भी हजारों की संख्या में श्रद्धालु धार्मिक नगरी उज्जैन पहुंचे हैं