Indore: भागीरथपुरा दूषित जल कांड पर युवा कांग्रेस का सत्याग्रह, इंदौर से अनशन शुरू किया

इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित पानी पीने से हुई जनहानि के मामले ने अब सियासी रूप ले लिया है। पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर भारतीय युवा कांग्रेस सड़कों पर उतर आई है। इंदौर में युवा कांग्रेस ने सत्याग्रह अनशन किया, जिसकी अगुवाई प्रदेश अध्यक्ष यश घनघोरिया ने की है।
पलासिया चौराहे के सेल्फी पॉइंट पर भारतीय युवा कांग्रेस का सत्याग्रह अनशन शुरू हुआ। प्रदेश अध्यक्ष यश घनघोरिया खुद अनशन पर बैठकर पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने की मांग कर रहे हैं। यश घनघोरिया ने कहा कि भागीरथपुरा में दूषित पानी पीने से जिन लोगों की जान गई, वह सीधा प्रशासनिक लापरवाही का परिणाम है। उन्होंने सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि जब तक पीड़ित परिवारों को न्याय नहीं मिलता, तब तक युवा कांग्रेस का आंदोलन जारी रहेगा।
यश घनघोरिया ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए तीन प्रमुख मांगे रखी, युवक कांग्रेस की मांग है कि मृतकों के परिजनों को ₹1 करोड़ मुआवजा दिया जाए , प्रदेश सरकार में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय को बर्खास्त किया जाए, और पूरे मामले की CBI जांच हाईकोर्ट की निगरानी में कराई जाए।
इस सत्याग्रह में राष्ट्रीय महासचिव (प्रभारी) शिवी सिंह चौहान, राष्ट्रीय सचिव मोनिका मांडरे, राष्ट्रीय सह-सचिव संभावी शुक्ला, प्रदेश उपाध्यक्ष देवेंद्र सिंह दादू, स्वीटी पाटिल, प्रदेश संगठन प्रभारी चेतन चौधरी, शहर जिला अध्यक्ष अमित पटेल, ग्रामीण जिला अध्यक्ष गजेंद्र सिंह राठौर सहित बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने हाथों में पोस्टर और बैनर लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
कुल मिलाकर भागीरथपुरा दूषित जल कांड प्रदेश से लेकर देशभर में चर्चा का विषय बन चूका है, ऐसे में कांग्रेस लगातार बीजेपी को घेर रही है।



