Indore: भागीरथपुरा दूषित पानी कांड पर सियासत, अनूठे तरीके से प्रदर्शन किया

इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित पानी से हुई मौतों को लेकर अब सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस ने बीजेपी शासित नगर निगम पर सीधा हमला बोलते हुए इसे “अमृत नहीं, यमराज का पानी” करार दिया है।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि, जिस नगर निगम की जिम्मेदारी शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने की थी, वही निगम आज जनता को ज़हर मिला पानी पिला रहा है। ड्रेनेज और पानी की लाइनों के दूषित होने से भागीरथपुरा इलाके में हालात बद से बदतर हो गए हैं। बीमारियों से जूझ रहे लोगों के बीच मौत का आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है।
इसी जनविरोधी लापरवाही के खिलाफ विवेक खंडेलवाल, देवेंद्र सिंह यादव और गिरीश जोशी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर निगम मुख्यालय, विभिन्न ज़ोन कार्यालयों, भागीरथपुरा और राजवाड़ा क्षेत्र में विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पोस्टर लगाकर प्रशासन और नगर निगम को जगाने की कोशिश की।
भागीरथपुरा के दूषित पानी कांड ने अब प्रशासनिक संकट के साथ-साथ सियासी भूचाल भी खड़ा कर दिया है। कांग्रेस ने साफ चेतावनी दी है कि अगर नगर निगम ने जिम्मेदारी नहीं ली, तो सड़क से लेकर बड़े आंदोलन तक का रास्ता अपनाया जाएगा।



