MP: प्रशासन के खिलाफ सड़क पर उतरे MLA महेंद्र हार्डिया, शराब दुकान के खिलाफ फूटा गुस्सा

इंदौर के मालवा मील पंचम की फेल इलाके में प्रशासन के एक फैसले ने माहौल गरमा दिया है। रिहायशी क्षेत्र में वाइन शॉप खोलने की अनुमति के खिलाफ स्थानीय लोगों का गुस्सा अब सड़कों पर नजर आ रहा है। बैरवा समाज समेत कई समाजों के लोगों ने एकजुट होकर इस फैसले का जोरदार विरोध किया है। वही विधायक महेंद्र हार्डिया ने चेतावनी देते हुए कहा कि ये दुकान नहीं खुलने दूंगा !
इंदौर की पांच नंबर विधानसभा के दक्षिण कंपाउंड स्थित पंचम की फेल क्षेत्र में उस समय तनावपूर्ण स्थिति बन गई, जब प्रशासन द्वारा वाइन शॉप खोलने की अनुमति दिए जाने की खबर सामने आई। इस फैसले के विरोध में स्थानीय नागरिकों ने एकजुट होकर प्रदर्शन किया, विधायक महेंद्र हार्डिया ने भी प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया और सड़क पर उतर गए
इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व अंतरराष्ट्रीय जूडो खिलाड़ी आकाश टटवाड़े, वाल्मीकि समाज के नगर अध्यक्ष दीपेंद्र बागरे और क्षेत्र के युवाओं ने किया। विधायक महेंद्र हार्डिया ने दो टूक कहा कि प्रस्तावित शराब दूकान कि हम किसी हाल में खुलने नहीं देंगे
प्रदर्शनकारियों ने विधायक महेंद्र हार्डिया और वार्ड क्रमांक 47 के पार्षद नंदकिशोर पहाड़िया को ज्ञापन सौंपा। प्रशासन से वाइन शॉप की अनुमति को तत्काल प्रभाव से निरस्त करने की मांग की गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि रिहायशी इलाके में वाइन शॉप खुलने से सामाजिक वातावरण खराब होगा, खासकर युवाओं पर इसका नकारात्मक असर पड़ेगा। साथ ही क्षेत्र में असामाजिक गतिविधियों के बढ़ने की आशंका भी जताई गई है। प्रदर्शनकारियों ने साफ चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो वे उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
फिलहाल, प्रशासन की ओर से इस मामले में क्या निर्णय लिया जाता है, इस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं। लेकिन विधायक महेंद्र हार्डिया के गुस्से और रहवासियों की चेतावनी से हलचल तेज हो गई है।



