MP: पूर्व मंत्री उषा ठाकुर का बड़ा बयान, बोली- बेटियों के दुराचारियों को दें सार्वजनिक चौराहों पर फांसी

बेटियों के साथ दुराचार करने वालों को बंद कमरे में नहीं बल्कि सार्वजनिक चौराहों पर फांसी देनी चाहिए यह बयान प्रदेश की पूर्व मंत्री उषा ठाकुर ने दिया है उन्होंने बच्चों को अध्यात्म और नैतिक शिक्षा से जोड़ने पर भी जोर दिया है।
देश में मासूम बच्चियों के साथ दुराचार की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही है, हाल ही में भोपाल में 4 वर्ष की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना के अलावा देश के कई स्कूलों में मासूम बच्चियों के साथ गलत हरकत करने की बात सामने आई है, इंदौर के एक प्रतिष्ठित स्कूल में भी दो दिन पूर्व इस तरह की घटना सामने आने के बाद दुष्कर्मी और लड़कियों के प्रति बुरी नीयत रखने वालों को कड़ी सजा दिए जाने की मांग उठने लगी है। प्रदेश की पूर्व मंत्री उषा ठाकुर ने भी बड़ा बयान दिया है।
पूर्व मंत्री के अनुसार हमारे देश में दुराचारियों को फांसी देने का कड़ा कानून है लेकिन उन्हें बंद कमरे में फांसी दी जाती है जबकि सार्वजनिक चौराहे पर फांसी दी जाए ताकि बलात्कारियों में डर कायम हो सके, इतना ही नहीं उनका अंतिम संस्कार न करके उनके शव को चील कौओं को नोचने के लिए छोड़ दिया जाए।
मंत्री पूर्व मंत्री उषा ठाकुर ने बच्चों में भी संस्कार और नैतिकता का बीजारोपण करने पर जोर दिया है, मंत्री के अनुसार परिजन अपने बच्चों को अध्यात्म और नैतिकता से जोड़ें ताकि उनके मन में इस तरह का कृत्य करने का ख्याल भी ना आए। विधायक उषा ठाकुर ने नवरात्र के दौरान गरबे में आईडी कार्ड देखकर ही प्रवेश देने की अपनी मांग को फिर दोहराया है, उन्होंने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि इस संबंध में प्रदेश के मुख्यमंत्री ने भी संज्ञान लिया है।