MP: CM मोहन यादव का बड़ा बयान, बोले- भारत को आगे बढ़ाना है तो संघ के सूत्र पर चलना होगा

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इंदौर में आयोजित सामूहिक विवाह सम्मेलन से बड़ा बयान दिया। सीएम ने साफ शब्दों में कहा कि, अगर भारत को आगे ले जाना है, तो राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सूत्र वाक्य पर चलना ही पड़ेगा। मुख्यमंत्री ने देश के सभी मुख्यमंत्रियों, मंत्रियों और उद्योगपतियों को अपने बच्चों की शादी सामूहिक विवाह सम्मेलन के माध्यम से करने की हिदायत दी।
इंदौर के समीप शिप्रा के ग्राम बूढ़ी बरला में भव्य सामूहिक विवाह सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस सम्मेलन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शामिल हुए और 251 नवदंपतियों को आशीर्वाद प्रदान किया। मुख्यमंत्री ने महामंडलेश्वर उत्तम स्वामी महाराज से आशीर्वाद लिया और मंच से सामाजिक समरसता का संदेश दिया। कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और कैबिनेट मंत्री तुलसी सिलावट भी मौजूद रहे।
सीएम मोहन ने सम्बोधित करते हुए कहा संघ का यह शताब्दी वर्ष है। अगर भारत को आगे ले जाना है, तो संघ के सूत्र वाक्य से ही हमें आगे बढ़ना पड़ेगा। समाज की कई परेशानियों को हटाकर हमें सामाजिक विभिन्नता के बजाय भारत माता की जय’ कहते हुए सामाजिक समरसता का संदेश देना होगा। सामूहिक विवाह सम्मेलन इसका सबसे बड़ा उदाहरण है।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मंच से देश के मुख्यमंत्रियों, मंत्रियों और उद्योगपतियों को हिदायत देते हुए कहा कि, दिखावे की बजाय अपने बच्चों की शादी सामूहिक विवाह सम्मेलन में कराएं। छोटा इंसान बड़े आयोजन देखकर कर्ज लेता है। इससे बचना चाहिए। कुल मिलाकर, सामूहिक विवाह सम्मेलन के मंच से मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सिर्फ नवदंपतियों को आशीर्वाद ही नहीं दिया, बल्कि पूरे समाज को सादगी, समरसता और संस्कारों का रास्ता दिखाया।



