MP: छठ पूजा पर CM मोहन यादव का बड़ा ऐलान, यहां बनेगा भव्य मिथिलांचल घाट

छठ पूजा के मौके पर उज्जैन में श्रद्धा और आस्था का महासागर उमड़ पड़ा। इस पावन पर्व पर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने न केवल पूजा में शामिल होकर अर्घ्य अर्पित किया बल्कि पूर्वांचलवासियों के लिए बड़ा तोहफा भी दे दिया। सीएम ने ऐलान किया कि विक्रम सरोवर के किनारे भव्य मिथिलांचल घाट बनाया जाएगा।
मंगलवार सुबह उज्जैन में छठ मैया और सूर्य उपासना की परंपरा पूरे विधि-विधान से निभाई गई। विक्रम विश्वविद्यालय परिसर स्थित विक्रम सरोवर पर हजारों की संख्या में व्रती और श्रद्धालु पहुंचे। इसी दौरान मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी छठ व्रतियों के साथ खड़े होकर भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया और पूजा-अर्चना की। सीएम ने प्रदेश और देश की सुख-शांति कि कामना की है।
छठ पर्व के मौके पर उज्जैन में पारंपरिक गीत, लोक आस्था और धार्मिक उल्लास का नजारा देखने लायक था। सुबह सूर्योदय से पहले ही व्रती महिलाओं ने पवित्र सरोवर में खड़े होकर भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। इसी बीच सीएम के बड़े ऐलान से पूर्वांचल समाज में उत्साह की लहर दौड़ गई। मुख्यमंत्री ने कहा उज्जैन में विक्रम सरोवर के किनारे मिथिलांचल घाट बनाया जाएगा और इसे भव्य स्वरूप दिया जाएगा। पूर्वांचल समाज जहां भी सुविधा चाहेगा, सरकार वह उपलब्ध कराएगी।
छठ पूजा के इस शुभ अवसर पर मुख्यमंत्री मोहन यादव का मिथिलांचल घाट बनाने का ऐलान पूर्वांचल समाज के लिए एक बड़ी सौगात माना जा रहा है। धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से यह कदम न सिर्फ श्रद्धालुओं को सुविधा देगा बल्कि उज्जैन की पहचान को भी और भव्य बनाएगा।



