Indore: कर्बला मैदान पर लगा नगर निगम का बोर्ड, 45 साल चली कानूनी लड़ाई में मिली जीत

इंदौर की बेशकीमती कर्बला मैदान के मालिकाना हक़ को लेकर कोर्ट के फैसले के बाद नगर निगम ने जमीन पर अपना बोर्ड लगा दिया है। महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कर्बला मैंदान का दौरा करते हुए कहा कि इंदौर की तरक्की में ये मैदान बड़ा वाहक बनेगा।
इंदौर के कर्बला मैदान पर लगा नगर निगम का ये बोर्ड मालिकाना हक़ को लेकर 45 साल चली कानूनी लड़ाई में नगर निगम की जीत को बयां कर रहा है। दरअसल कर्बला मैदान की 6.70 एकड़ जमीन को वक्फ संपत्ति बताये जाने का दावा खारिज करते हुए जिला अदालत ने नगर निगम को इस बेशकीमती भूमि का मालिक घोषित कर दिया है। जिसके बाद महापौर पुष्यमित्र भार्गव, एमआईसी सदस्य नंदकिशोर पहाड़िया , निगमयुक्त शिवम् वर्मा सहित अधिकारी और जनप्रतिनिधियों ने कर्बला मैदान का दौरा किया और मालिकाना हक़ को लेकर अपना बोर्ड लगाया।
आपको बता दे कि कर्बला मैदान की जमीन पर मालिकाना हक़ को लेकर वक्फ बोर्ड और नगर निगम के बीच 1979 से कानूनी लड़ाई चल रही थी जिसपर जिला कोर्ट ने हाल ही में नगर निगम के पक्ष में फैसला सुनाया, महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि कोर्ट ने ऐतिहासिक फैसला सुनाया है , इंदौर की तरक्की में ये मैदान बड़ा वाहक बनेगा। भविष्य में इसका क्या उपयोग किया जाएगा इसे लेकर एमआईसी बैठक में फैसला लिया जाएगा।
जानकारी के मुताबिक इस जमीन की कीमत करीब 100 करोड़ रुपए से अधिक है। यह वक्फ बोर्ड के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है। नगर निगम अब इस मैदान के आसपास बने अतिक्रमण हटाने को लेकर भी विचार कर रहा है।