Bhopal पुलिस को चोरों की चुनौती, पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह के बंगले पर हो गई चोरी

कांग्रेस विधायक और पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह के राजधानी भाेपाल स्थित सरकारी बंगले में चोरी हो गई। यह सरकारी बंगला भोपाल के वीवीआईपी इलाके चार इमली में है। चोरी की इस घटना के बाद पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने मध्यप्रदेश पुलिस पर गंभीर सवाल खड़े किए है।
राजधानी भोपाल में आए दिन चोरी डकैती की घटना सामने आ रही है, अब चोरों के हौंसले इस कदर बुलंद हो गए है कि वीवीआईपी इलाके में पुलिस सुरक्षा को चकमा देकर विधायकों के निवास पर हाथ साफ करने लगे है। चोरों ने इस बार अपना निशाना पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह के बेटे पूर्व मंत्री विधायक जयवर्धन सिंह के बंगले को बनाया।
जयवर्धन सिंह चार इमली स्थित डी-21 बंगले में रहते हैं। जहां बीती रात चोरी हो गई। पुलिस के अनुसार चोरों ने यहां से कुछ नकदी और जेवर चोरी किए हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार 12 हजार रुपए नकदी चोरी होने की बात पुलिस अधिकारी कर रहे हैं। पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने इस मामले को एक्स पर पोस्ट करके पुलिस व्यवथा पर सवाल खड़े किए है।उन्होंने एक्स पर पोस्ट करके लिखा है कि जब थाने की पोस्टिंग की बोली लगती है तो यही होगा। विधायक जयवर्धन सिंह के शासकीय आवास पर भी चोरी हो गई। अब भोपाल पुलिस से क्या उम्मीद करें।
चार इमली राजधानी भोपाल का बेहद वीवीआईपी इलाका है। यहां पर मंत्रियों, जजों, सभी प्रशासनिक अफसरों के सरकारी आवास हैं। इन सरकारी आवास पर पुलिस की कड़ी निगरानी रहती है। इसके बाद भी यहां चोरों ने हाथ साफ कर दिए।