MP: अशोक नगर में प्रशासन की कार्रवाई से किसान परेशान, कांग्रेस नेताओं ने की मुलाकात

अशोकनगर जिले के कानीखेड़ी गांव में वन विभाग और जिला प्रशासन की कार्रवाई से किसान परिवार परेशान हैं। शुक्रवार को प्रशासन द्वारा की गई कार्रवाई में किसानों के घर और खड़ी फसलें नष्ट कर दी गईं। रविवार को कांग्रेस नेता यादवेन्द्र सिंह यादव ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात की, जहां उन्होंने किसानों का दर्द साझा किया।
यादवेंद्र सिंह को देखते ही किसान परिवार के सदस्य रो पड़े। बार-बार ग्रामीणों का दर्द झलकता और वे अपनी व्यथा सुनाते, तभी उनकी आंखों से आंसू टपकने लगते। यादवेंद्र सिंह ने उन्हें न्याय दिलाने का आश्वासन दिया। करीला मंदिर के नीचे वनभूमि में स्थित कानीखेड़ी गांव के किसानों का कहना है कि, प्रशासन ने उन्हें मकान तोड़ने का नोटिस दिया था, लेकिन बिना किसी पूर्व सूचना के उनकी फसलें नष्ट कर दी गईं। रामपाल यादव, जिनकी लगभग सात बीघा गेहूं की फसल और घर नष्ट किए गए, उनकी स्थिति का मामला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी तक पहुंचा। पटवारी ने फोन पर किसानों से बात कर न्याय का आश्वासन दिया।
वर्तमान में गांव के पीड़ित परिवार पेड़ों के नीचे अपना जीवन बिता रहे हैं। दो रातें खुले आसमान के नीचे बिताने को मजबूर इन परिवारों के पास बर्तन तक नहीं बचे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पूरा कानीखेड़ी गांव वन भूमि पर बसा हुआ है और उन्हें विस्थापित करने से पहले मुआवजा और पुनर्वास के लिए पट्टे दिए जाने चाहिए थे। यादवेन्द्र सिंह ने खेतों में बैठकर किसानों की व्यथा सुनी और उनके अधिकारों के लिए लड़ने का वादा किया है।