MP: इंदौर में हुआ अलंकरण समारोह, सोनू निगम को मिला लता मंगेशकर सम्मान

मशहूर सिंगर सोनू निगम को इंदौर में 2024 का लता मंगेशकर सम्मान दिया गया , मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सोनू निगम को सम्मानित किया , इस मौके पर सीएम ने कहा कि, मखमली आवाज के धनी सोनू निगम की आवाज में एक अलग ही अहसास है।
साल 2024 का लता मंगेशकर सम्मान प्लेबैक सिंगर सोनू निगम को दिया गया। इंदौर में रविवार को आयोजित लता मंगेशकर अलंकरण समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और सिंगर सोनू निगम करीब एक घंटे तक कार्यक्रम में मौजूद रहे। इस दौरान सोनू निगम ने लोगों की फरमाइश पर कई गाने गाए।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने समारोह को संबोधित करते हुए सोनू निगम की प्रशंसा की। उन्होंने कहा- इनकी मखमली आवाज के सभी कायल हैं। संगीत जगत में सोनू निगम का नाम बड़े आदर्श से लिया जाता है । ऐसे कलाकार को सम्मानित करते हुए मध्यप्रदेश सरकार गौरवान्वित होती है।
सोनू निगम ने कहा- 30 साल पहले मैं इंदौर में इसी कार्यक्रम में शामिल हुआ था। तब यह सम्मान प्रसिद्ध गायक तलत महमूद को दिया गया था। आज 30 साल बाद मुझे यह सम्मान प्राप्त हो रहा है। यह मेरे लिए गर्व की बात है। सोनू निगम ने स्वर्गीय लता मंगेशकर को याद करते हुए कहा- वह मेरे लिए मां के समान थीं। आज भी मुझे ऐसा महसूस होता है कि उनका आशीर्वाद मुझ पर बना हुआ है।
इसी बीच, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय भी पहुंचे और उन्होंने मंच पर सोनू निगम को गले लगा लिया। कुल मिलाकर इस तरह सुरों की इस अनमोल शाम में लता दीदी की यादें ताज़ा हुईं और उनकी स्मृति में दिया गया सम्मान, जब सोनू निगम जैसे दिग्गज गायक को मिला, तो हर इंदौरवासी और पूरा प्रदेश गर्व से भर उठा।