Ujjain: महाकाल के दरबार में महामहिम, नंदी हॉल से ध्यान लगाया, झाड़ू लगाकर श्रमदान किया

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने महाकाल की नगरी उज्जैन का दौरा किया। उन्होंने महाकालेश्वर ज्योर्तिलिंग के दर्शन किए और देशवासियों के सुख-समृद्धि, मंगल एवं कल्याण की प्रार्थना की। महामहिम के आगमन को लेकर महाकाल मंदिर को फूलों से आकर्षक रूप से सजाया गया था।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु उज्जैन के दौरे पर गईं और महाकालेश्वर मंदिर में पूजा-अर्चना की। वे ऐसा करने वाली देश की 10वीं राष्ट्रपति बनीं। इस खास मौके पर उज्जैन को भव्य रूप से सजाया गया था। राष्ट्रपति मुर्मु का स्वागत महाकाल लोक के नंदी द्वार पर स्वस्ति वाचन और शंख वादन से हुआ। इसके बाद उन्होंने गर्भगृह में जाकर दर्शन-पूजन किया। इस दौरान महामहिम ने बाबा महाकाल से देश की सुख समृद्धि और कल्याण की कामना की।
महाकाल दर्शन के बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंदिर परिसर में स्वच्छता ही सेवा पखवाड़े के तहत श्रमदान भी किया। राष्ट्रपति , राज्यपाल मंगुभाई पटेल , मुख्यमंत्री मोहन यादव ने झाड़ू लगाकर सफाई की। महाकाल लोक देखने के बाद, राष्ट्रपति मुर्मु ने त्रिवेणी सभा-मंडपम में मूर्ति बनाने वाले शिल्पकारों से बातचीत की।
इससे पहले राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सफाई मित्रों का सम्मान और इंदौर उज्जैन हाईवे का भूमिपूजन कर मध्यप्रदेश की स्वच्छता को लेकर जमकर तारीफ की।