Ujjain: महाकाल शरण में नए कलेक्टर रोशन कुमार सिंह, इजाजत लेकर किया पदभार ग्रहण

उज्जैन नवागत कलेक्टर रोशन कुमार सिंह पदभार ग्रहण करने से पहले बाबा महाकाल के दरबार पहुंचे। डीएम साहब ने विधि विधान से पूजा अर्चना कर बाबा महाकाल से पदभार ग्रहण करने की इजाजत मांगी और फिर अपनी प्राथमिकताएं भी बताई।
उज्जैन के नवागत कलेक्टर रोशन कुमार सिंह पदभार ग्रहण करने से पहले श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचे एव भगवान श्री महाकालेश्वर का दर्शन पूजन किया। पुजारी आकाश शर्मा द्वारा पूजन सम्पन्न करवाया गया। मंदिर प्रबन्ध समिति के प्रशासक प्रथम कौशिक द्वारा श्री सिंह का दुपट्टे, प्रसाद व भगवान श्री महाकाल की फ़ोटो प्रदान कर सम्मान किया गया।
नवागत कलेक्टर सिंह ने कहा कि, जिले में विकास की अपार संभावनाएं हैं। जिले की आवश्यकता को देखते हुए सिंहस्थ 2028 के लिए किए जा रहे विकास कार्य, शासन की संचालित योजनाओं को पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाना, योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन करना प्राथमिकता होगी।
नवागत कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने सोमवार शाम उज्जैन आकर सर्वप्रथम बाबा महाकाल मंदिर पहुंचकर भगवान श्री महाकाल के दर्शन किए। इसके बाद कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचकर पदभार ग्रहण किया। रौशन कुमार सिंह इसके पूर्व विदिशा में कलेक्टर पद पर पदस्थ थे।