MP के 4 जिलों के किसानों का आंदोलन, MSP, कर्जमाफी और मुआवजे की मांग

मध्यप्रदेश में धार के खलघाट हाईवे टोल प्लाजा पर किसानों का आंदोलन जारी है, बड़वानी, धार, खरगोन और खंडवा जिले के किसान सैकड़ों की संख्या में हाईवे पर डटे हुए हैं। किसान प्रतिनिधि फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) और कर्ज मुक्ति सहित अपनी अन्य मांगों पर अड़े है।
किसान नेताओं का कहना है- कलेक्टर और प्रशासन के साथ 6 दौर की बैठकें हो चुकी हैं, लेकिन किसी भी बैठक में ठोस समाधान नहीं निकला। किसानों ने साफ कहा हमारी लड़ाई सरकार से है। अगर सरकार उद्योगपतियों का कर्ज माफ कर सकती है, तो किसानों का क्यों नहीं? आंदोलन करना हमारा अधिकार है… और जब तक सरकार बात नहीं करेगी, आंदोलन जारी रहेगा।
धरना बढ़ने के बाद पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। खलघाट में बड़े वाहनों का प्रवेश रोक दिया गया है, सभी मुख्य मार्गों पर नाकाबंदी कर दी गई , हाईवे पर निगरानी बढ़ा दी गई है , टोल प्लाज़ा के दोनों ओर 500 मीटर तक प्रतिबंधात्मक आदेश लागू किए गए हैं, वाहनों को भी कई रूटों से डायवर्ट किया गया है.
प्रशासन की कोशिश है कि हाईवे पर जाम या तनाव की स्थिति न बने। एमपी के चार जिलों में किसानों का यह आंदोलन लगातार बढ़ रहा है। MSP और कर्जमाफी जैसे मुद्दों पर सरकार और किसानों के बीच सहमति अभी तक नहीं बन सकी है। अब देखने वाली बात होगी कि क्या सरकार किसानों से संवाद करती है या आंदोलन और तेज होता है।



