एमपी-citiesएमपी-ब्रेकिंगमेरा-देशराजधानी-रिपोर्टविशेष

MP: इंदौर में आधी रात को पैनिक, पेट्रोल-डीजल किल्लत की अफवाह

इंदौर में मंगलवार को पेट्रोल-डीजल की किल्लत की अफवाह ने पूरे शहर को हिलाकर रख दिया। सोशल मीडिया पर फैली एक गलत खबर के बाद शहर के तीन दर्जन से अधिक पेट्रोल पंपों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। लोग इस कदर पैनिक हुए कि रात के अंधेरे में ही अपनी गाड़ियों की टंकियां फुल कराने के लिए पंप कर्मियों से उलझते नजर आए। 

मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में मंगलवार को अचानक पेट्रोल और डीजल की कमी की अफवाह ने शहर में हलचल पैदा कर दी। किल्लत की आशंका के चलते शहर के प्रमुख पेट्रोल पंपों पर देखते ही देखते वाहनों की किलोमीटर लंबी कतारें लग गईं। हालात यहां तक पहुंच गए कि कई पंपों पर स्टॉक खत्म होने की नौबत आ गई और लोग बंद पंपों के बाहर भी इंतजार करते देखे गए।

स्थिति बिगड़ते ही प्रशासन और जनप्रतिनिधि तुरंत एक्टिव हो गए। कई पेट्रोल पंपों पर पुलिस पहुंची और लोगों को समझाइश देते हुए बताया कि शहर में ईंधन की कोई कमी नहीं है। साथ ही सोशल मीडिया के जरिए भी लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की गई। कलेक्टर शिवम वर्मा ने स्पष्ट किया कि इंदौर में पेट्रोल-डीजल की पर्याप्त उपलब्धता है। साथ ही अफवाह फैलाने वालों पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी।

बुधवार सुबह भी पुलिस अधिकारी पेट्रोल पंपों पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। पंप संचालकों से बातचीत कर सप्लाई की स्थिति जानी गई। कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश पर जिला प्रशासन की टीम ने डिपो और पेट्रोल पंपों का निरीक्षण किया। जिला प्रशासन की टीम सुबह 5 बजे से ही सक्रिय होकर मांगलिया डिपो तथा फील्ड के पेट्रोल पंपों का सतत निरीक्षण कर रही है। कलेक्टर के निर्देश पर मांगलिया स्थित एचपीसीएल, भारत पेट्रोलियम एवं इंडियन ऑयल के डिपो पर टैंकरों में ईंधन भरने का कार्य तेज गति से प्रारंभ कर दिया गया।

इंदौर कलेक्टर और जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की भ्रामक जानकारी पर ध्यान न दें। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि जो लोग सोशल मीडिया के जरिए पेट्रोल की कमी की अफवाह फैला रहे हैं, उन्हें चिन्हित कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button