MP: प्रबल प्रताप सिंह तोमर ने सजाया इंदौर में मंच, CM मोहन यादव ने युवाओं के नाम भेजा पैगाम!

इंदौर में भक्ति और युवा ऊर्जा का एक अनोखा संगम देखने को मिलने वाला है। प्रबल प्रताप सिंह तोमर की पहल पर शहर में एक भव्य भजन कॉन्सर्ट का आयोजन होने जा रहा है, जिसमें प्रसिद्ध भजन कलाकार राधिका दास अपनी प्रस्तुति देंगे। CM मोहन यादव भी इस कंसर्ट को लेकर खासे उत्साहित है और उन्होंने एमपी के युवाओं के लिए खास पैगाम भेजा है।
इंदौर में इन दिनों एक अलग ही तरह का माहौल बनता नजर आ रहा है, जहां भक्ति और आधुनिकता का मेल देखने को मिलेगा। विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर के पुत्र प्रबल प्रताप सिंह तोमर, ने शहर में एक भव्य भजन कॉन्सर्ट का मंच सजाया है। इस कॉन्सर्ट में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रसिद्ध भजन गायक राधिका दास अपनी प्रस्तुति देने इंदौर आ रहे हैं। इस आयोजन को लेकर इंदौर के युवाओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
राधिका दास दुनिया के 30 से अधिक देशों में कीर्तन प्रस्तुत कर चुके हैं और युवाओं के बीच भक्ति संगीत को एक नए अंदाज में लोकप्रिय बना चुके हैं। प्रबल प्रताप सिंह तोमर और उनकी टीम लगातार तैयारियों में जुटी हुई है, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी इस आयोजन को लेकर बड़ा संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि राधिका दास ने आधुनिक शैली में कीर्तन को प्रस्तुत कर सनातन संस्कृति को युवाओं तक पहुंचाने का सराहनीय कार्य किया है। साथ ही उन्होंने प्रबल प्रताप सिंह तोमर की इस पहल को समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करने वाला बताया।
अगर भजन कॉन्सर्ट की बात करें, तो यह पारंपरिक भजनों को आधुनिक रॉक कॉन्सर्ट की शैली में पेश करने का नया ट्रेंड है। इसमें ड्रम्स, गिटार और हाई एनर्जी म्यूजिक के साथ भजन गाए जाते हैं, जो युवाओं को भक्ति से जोड़ने का एक नया और आकर्षक माध्यम बन चुका है। कुल मिलाकर, इंदौर में होने वाला यह भजन कॉन्सर्ट न सिर्फ एक धार्मिक आयोजन होगा, बल्कि युवाओं के लिए भक्ति और आधुनिक संगीत का अनूठा अनुभव भी साबित हो सकता है।



