Indore: देश मना रहा 76वां गणतंत्र दिवस, CM मोहन यादव ने इंदौर में फहराया तिरंगा

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री और इंदौर के प्रभारी मंत्री डॉ मोहन यादव ने गणतंत्र दिवस पर इंदौर के नेहरू स्टेडियम में तिरंगा फहराया. इस दौरान उन्होंने परेड की सलामी ली और उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी और कर्मचारियों को भी सम्मानित किया।
देश आज 76वा गणतंत्र दिवस मना रहा है इस मौके पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने अपने प्रभार वाले इंदौर में ध्वजारोहण किया। मुख्य आयोजन इंदौर के ऐतिहासिक नेहरू स्टेडियम में हुआ जहां सीएम मोहन ने परेड की सलामी ली।
समारोह में परेड के साथ विभिन्न विभागों द्वारा राज्य शासन की योजनाओं, कार्यक्रमों और उपलब्धियों पर आधारित नयनाभिराम झांकियों का मुख्यमंत्री ने निहारा । परेड का नेतृत्व परेड कमांड आईपीएस आदित्य सिंघानिया ने किया। उनका अनुकरण टूआईसी सुबेदार पूजा पाटीदार ने किया। परेड में सीमा सुरक्षा बल , आरएपीटीसी, प्रथम वाहिनी विशेष सशस्त्र बल , 15वीं वाहिनी विशेष सशस्त्र बल, जिला पुलिस पुरुष, जिला पुलिस बल महिला,जिला होमगार्ड सशस्त्र, जिला यातायात पुलिस बल, वन विभाग, एनसीसी, शौर्य दल, स्काउट, गाइड, रेडक्रॉस तथा सृजन दल आदि ने मार्च पास्ट किया।
परेड में शामिल बैंड की देशभक्ति धुन पर पूरा माहौल तिरंगे के रंग में रंग गया। स्कूली बच्चों ने देश भक्ति गीतों पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दी। मुख्य अतिथि ने जिले में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों और संस्थाओं को सम्मानित भी किया।