MP: आखिर क्यों? ज्योतिरादित्य सिंधिया ने CM मोहन यादव को कहा, Thank You!

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मकर संक्रांति के पावन अवसर पर देश, प्रदेश और शहरवासियों को शुभकामनाएँ दीं। इस मौके पर उन्होंने व्यापार मेले में ऑटोमोबाइल सेक्टर को बड़ी राहत देने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के फैसले कि सराहना की है। वहीं मकर संक्रांति को उन्होंने मराठा वीरों की शहादत को स्मरण करने का दिन बताया है।
केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने ग्वालियर में पानीपत शौर्य दिवस के अवसर पर मराठा साम्राज्य के महान सेनानायक महाराज महादजी सिंधिया की अचलेश्वर चौराहे पर स्थित प्रतिमा पर आयोजित कार्यक्रम में महादजी को पुष्पांजलि अर्पित कर पानीपत के तृतीय युद्ध में मातृभूमि की रक्षा हेतु अपने प्राण न्योछावर करने वाले मराठा वीरों को नमन किया। ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि मकर संक्रांति केवल पर्व नहीं, बल्कि इतिहास की गौरवशाली गाथा को याद करने का अवसर भी है। उन्होंने बताया कि वर्ष 1761 में पानीपत के ऐतिहासिक युद्ध में लगभग एक लाख मराठा सैनिक वीरगति को प्राप्त हुए थे। इनमें सिंधिया परिवार के भी 16 योद्धा शामिल थे।
इतिहास के संदर्भ में उन्होंने सोमनाथ मंदिर का उल्लेख करते हुए कहा कि मोहम्मद गजनवी ने कई बार आक्रमण किए, लेकिन भारत की आध्यात्मिक शक्ति के कारण सोमनाथ मंदिर आज भी अपनी गौरवगाथा का प्रतीक बना हुआ है। आर्थिक मोर्चे पर बात करते हुए केंद्रीय मंत्री ने व्यापार मेले में ऑटोमोबाइल सेक्टर को मिली वाहन खरीद पर 50 प्रतिशत रोड टैक्स छूट को ऐतिहासिक निर्णय बताया। उन्होंने कहा कि इससे व्यापार को गति मिलेगी, रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और आम जनता को भी बड़ी राहत मिलेगी। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त किया।
कुल मिलाकर मकर संक्रांति के अवसर पर जहां केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने देशवासियों को शुभकामनाएँ दीं, वहीं उन्होंने इतिहास के वीर बलिदानों को याद कर युवाओं को राष्ट्रभक्ति का संदेश भी दिया। साथ ही ऑटोमोबाइल सेक्टर को मिली बड़ी राहत से प्रदेश की आर्थिक गतिविधियों को नई रफ्तार मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।


