MP: आदिवासियों के घर टूटने पर सियासत, शिवराज के तीखे तेवर, CM मोहन यादव का जवाब

शिवराज के तीखे तेवर… मोहन यादव का सधा हुआ जवाब! सीहोर के कोसमी गांव में आदिवासी परिवारों के घर टूटने का मामला अब सियासी चर्चा के केंद्र में है। पूर्व केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चैहान ने अधिकारियों पर कड़ी नाराजगी जताई थी, तो अब मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सादगी के साथ जवाब देते हुए पूरे मामले की जांच कराने की बात कही है। सीएम ने कहा कि संबंधित अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी गई है और मुख्य सचिव को भी अवगत कराया गया है। जांच के बाद दूध का दूध, पानी का पानी हो जाएगा।
सीहोर के कोसमी गांव से उठे सवाल अब भोपाल तक पहुंच गए हैं। मामला 12 आदिवासी परिवारों के घर तोड़े जाने से जुड़ा है। कार्रवाई को लेकर पूर्व केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चैहान ने अधिकारियों के प्रति कड़ा रुख अपनाया था और उनके खिलाफ तीखी टिप्पणी की थी।
अब इस मामले पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का बेहद सादगी भरा बयान सामने आया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि, घटना की जानकारी उनके पास पहुंच गई है और संबंधित अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी गई है। उन्होंने मुख्य सचिव को भी मामले से अवगत कराया है। हमारे सीनियर लीडर ने इस घटना को लेकर सवाल उठाए हैं, तो इसकी जांच कराने में कोई दिक्कत नहीं है
एक तरफ शिवराज सिंह चैहान की नाराजगी, दूसरी तरफ मुख्यमंत्री मोहन यादव का जांच और रिपोर्ट पर भरोसा। सीएम के इस बयान के बाद अब निगाहें प्रशासनिक जांच और उसकी रिपोर्ट पर टिक गई हैं।



