MP: टीआई को कुचलने के मामले में निकला ‘जायसवाल कनेक्शन’, धरा गया ड्राइवर, डिप्टी CM बोले- छोड़ेंगे नहीं

अवैध शराब कांड को लेकर देवास जिला एक बार फिर सुर्खियों में जब आ गया जब शराब तस्करी रोकने के लिए तैनात रहे दिलीप पुरी को तस्करों ने कुचल दिया. घटना देवास जिले के खातेगांव-नेमावर रोड पर हुई.
दरअसल, देवास में नकली शराब से हुई 13 लोगों की मौत के बाद पुलिस ने सतर्कता और अधिक बढ़ा दी और रात में भी ट्रकों की जांच जारी है. इसी क्रम में नेमावर रोड पर भी पुलिस ने जांच पाइंट लगाया था, जहां खुद थाना प्रभारी पुरी तैनात रहे. इसी दौरान एक मिनी ट्रक को पुरी ने रोकने की कोशिश की तो ड्राइवर ने ट्रक रोकने के बजाय टीआई को कुचलते हुए आगे बढ़ गया, उनके सिर और सीने वाले हिस्से पर ट्रक चढ़ा और टीआई को बचाने के लिए साथियों ने सीपीआर देने सहित अन्य कोशिशें कीं, लेकिन ज्यादा खून बहने से उनकी मौत हो गई. इसके बाद पुलिस ने वाहन का पीछा किया, लेकिन चालक संदलपुर में वाहन छोड़कर गायब हो गया और पुलिस ने ट्रक जब्त कर इसके नेटवर्क की तलाश शुरू कर दी.
उधर, एसपी आदित्य मिश्रा सहित अन्य आला अफसरों ने भी तुरंत मोर्चा संभाला और घटना के कुछ घंटों में चालक को भी गिरफ्तार कर लिया, अफसरों ने मीडिया को बताया कि तस्करी में हरदा के राहुल जायसवाल का नाम सामे आया है और देवास का नेटवर्क भी इसमें शामिल है.
देवड़ा बोले- कोई भी हो, छोड़ेंगे नहीं…
उधर, उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने थाना प्रभारी दिलीप पुरी को श्रद्धांजलि देते हुए उनके ड्यूटी के प्रति समर्पण भाव को याद किया। उन्होंने इस दुःख की घड़ी में जहां संवेदनाएं व्यक्त कीं, वहीं यह भी कहा कि मैंने देवास कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक से बात की, घटना के कारणों की गहनता से जांच जारी है, मैं आश्वस्त करता हूं कि इस घटना के किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा. सरकार इसके प्रत्येक दोषी को सलाखों के पीछे भेजेगी..!



