Ujjain: सावन के आखिरी सोमवार पर महाकाल का नगर भ्रमण, CM मोहन यादव ने किए दर्शन

उज्जैन में प्रतिवर्ष अनुसार परंपरागत तरीके से सावन मास के पांचवे और आखिरी सोमवार पर महाकाल की पहली सवारी धूमधाम के साथ निकली। राजाधिराज बाबा महाकाल पालकी में सवार होकर नगर भ्रमण पर निकले।
सावन-भादो मास के सोमवार पर भगवान महाकाल की सवारी निकले जाने की परंपरा अनादि काल से चली आ रही है। इसी के चलते सावन मास के पांचवे और आखिरी सोमवार पर सवारी डमरू और झांज मंजीरों की थाप के साथ निकाली गई। इस दौरान सवारी में सीएम डॉ. मोहन यादव, प्रभारी मंत्री गौतम टेटवाल समेत तमाम जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
नगर भ्रमण पर निकले महाकाल
अपराह्न 4 बजे महाकाल मंदिर के सभा मंडप में भगवान महाकाल की पूजा अर्चना की गई और रजत पालकी को नगर भ्रमण के लिए रवाना किया गया। मंदिर के मुख्य द्वार पर पुलिस बल द्वारा बाबा महाकाल को सलामी दी गई। इसके बाद राजाधिराज महाकाल चांदी की पालकी में मन महेश स्वरूप में सवार होकर प्रजा का हाल जानने नगर भ्रमण पर निकले। सवारी गुदरी चौराहा, रामानुज कोट, होते हुए शिप्रा नदी के रामघाट पहुंची, जहां बाबा महाकाल का शिप्रा के पवित्र जल से अभिषेक किया गया। तत्पश्चात सवारी अपने परंपरागत मार्ग से होते हुए पुनः महाकाल मंदिर पहुंची। वहीं सवारी में पुलिस टुकड़ी, पुलिस बैंड और भजन मंडलिया शामिल हुई।