MP: मां बगलामुखी मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, 1 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

आगर-मालवा में नवरात्रि की सप्तमी पर शनिवार को नलखेड़ा स्थित मां बगलामुखी मंदिर में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा है। मां के दर्शन के लिए एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने से नगर में भारी भीड़ रही। इस दौरान करीब 10 किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिसे खुलवाने में पुलिस को लगभग पांच घंटे तक मशक्कत करनी पड़ी।
भारी बारिश के बीच भी पुलिसकर्मी यातायात व्यवस्था सुचारु करने में जुटे रहे। नलखेड़ा थाना प्रभारी शशि उपाध्याय भी बारिश में सड़क पर उतरकर यातायात संभालती और जाम खुलवाती नजर आईं। एसडीओपी देवनारायण यादव के साथ पुलिस टीम श्रद्धालुओं की आवाजाही को व्यवस्थित करने में जुटी रही।
बारिश के बीच ड्यूटी निभाती टीआई शशि उपाध्याय का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में उन्हें पुलिसकर्मियों के साथ यातायात व्यवस्था संभालते देखा जा सकता है। सोशल मीडिया पर लोग उनके कर्तव्यनिष्ठा भरे प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें सलाम कर रहे हैं।
नवरात्रि के दौरान मां बगलामुखी मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने से यातायात व्यवस्था चुनौतीपूर्ण हो जाती है। ऐसे में बारिश और लंबे जाम के बीच पुलिसकर्मियों की ड्यूटी ने एक बार फिर उनकी जिम्मेदारी और जनसेवा के प्रयासों को सामने रखा है।



