एमपी-citiesएमपी-ब्रेकिंगमेरा-देशराजधानी-रिपोर्टविशेष

MP: राज्यसभा चुनाव को लेकर सियासत, ज्योतिरादित्य सिंधिया का दिग्विजय सिंह पर करारा तंज

प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर बयानबाज़ी तेज हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह के इस बयान पर कि वे इस बार राज्यसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने तीखा तंज कसा है। सिंधिया ने कहा कि, जब वे कांग्रेस में थे तब भी उन्हें यह समझ नहीं आता था कि दिग्विजय सिंह क्या चाहते हैं और अब पार्टी से बाहर आने के बाद तो यह जानना और भी मुश्किल है।

दरअसल, साल 2020 में मध्यप्रदेश की कमलनाथ सरकार के गिरने के पीछे राज्यसभा चुनाव एक बड़ी वजह माना जाता है। उस समय लोकसभा चुनाव हारने के बाद ज्योतिरादित्य सिंधिया के राज्यसभा जाने की चर्चा ज़ोरों पर थी, लेकिन दिग्विजय सिंह के राज्यसभा जाने को लेकर दोनों नेताओं के बीच तल्खियां खुलकर सामने आ गई थीं। अब जब दिग्विजय सिंह ने सार्वजनिक रूप से यह इच्छा जाहिर की है कि वे इस बार राज्यसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे, तो इसी सवाल पर ग्वालियर में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से प्रतिक्रिया मांगी गई।

सिंधिया ने कहा कि, इस पर वे कोई टिप्पणी नहीं करना चाहते। साथ ही उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जब वे कांग्रेस में थे, तब भी उन्हें यह नहीं पता था कि दिग्विजय सिंह क्या चाहते हैं और अब तो वे कांग्रेस में भी नहीं हैं, इसलिए यह जानना उनके लिए और भी संभव नहीं है। इतना ही नहीं, हाल ही में दिग्विजय सिंह द्वारा आरएसएस और बीजेपी की तारीफ किए जाने पर भी सिंधिया ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा- “देर आए, दुरुस्त आए”, यह अच्छी बात है।

वहीं कांग्रेस नेता राहुल गांधी के 17 तारीख को इंदौर दौरे को लेकर पूछे गए सवाल पर सिंधिया ने कहा कि लोकतंत्र में सभी को आने-जाने की स्वतंत्रता है, इसमें कोई परेशानी नहीं है। कुल मिलाकर दिग्विजय सिंह के राज्यसभा चुनाव न लड़ने के बयान ने प्रदेश की सियासत को एक बार फिर गर्मा दिया है। सिंधिया के तंज और बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button