MP: इंदौर में बना है रावण का मंदिर, दशहरे पर होता है पूजन-अर्चन

देशभर में विजयादशमी के दिन रावण दहन की परंपरा निभाई जाती है, लेकिन इंदौर में एक ऐसा मंदिर भी है, जहां दशहरे पर रावण की पूजा होती है. यहां रावण का पुतला जलाने के बजाय उसकी लंबी उम्र की कामना करते हुए महायज्ञ, हवन और विशेष पूजन किया जाता है. शहर के लंकेश्वर महादेव मंदिर में यह अनूठी परंपरा पिछले करीब 30 साल से निभाई जा रही है.
लंकेश्वर महादेव मंदिर में रावण के साथ उसके परिवार के अन्य सदस्यों की प्रतिमाएं भी विराजमान हैं. यहां मेघनाथ, कुंभकरण, शूर्पणखा, कैकसी, खर, दूषण और मंदोदरी सहित रावण के परिवार के सदस्यों को स्थान दिया गया है. मंदिर के पुजारी महेश गौहर और उनका परिवार नियमित रूप से सुबह-शाम रावण की पूजा करता है. दशहरे के दिन विशेष पूजन और महायज्ञ का आयोजन किया जाता है, जिसमें शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं.
परिवार की मान्यता है कि रावण एक विद्वान ब्राह्मण था और उसके विद्वान होने के कारण उसका सम्मान किया जाना चाहिए. इसी आस्था के चलते परिवार दशहरे के दिन रावण की पूजा करता है और उसकी लंबी उम्र के लिए महायज्ञ आयोजित करता है.



