MP: दशहरे पर CM मोहन यादव का बड़ा ऐलान, पुलिस विभाग में भरे जाएंगे साढ़े 18 हजार पद

मध्य प्रदेश में पुलिस विभाग को मजबूत करने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बड़ा ऐलान किया है। इंदौर में दशहरे के मौके पर शस्त्र पूजन के बाद सीएम ने कहा कि, अगले दो साल में पुलिस विभाग में साढ़े 18 हजार पदों पर भर्ती की जाएगी। इतना ही नहीं, हर जिले में पुलिस बैंड की व्यवस्था के लिए भी साढ़े सात सौ पद भरे जाएंगे। यानी आने वाले समय में खाकी को नई ताकत और युवाओं को रोजगार का नया अवसर देने की तैयारी है।
दशहरे के मौके पर प्रदेशभर में मोहन सरकार शस्त्र पूजा का आयोजन कर रही है , इसी कड़ी में मुख्यंमंत्री मोहन यादव इंदौर की डीआरपी लाइन पहुंचे जहाँ उन्होंने मंत्रोच्चार के बीच शस्त्रों की पूजा की और प्रदेशवासियों को विजयादशमी की शुभकामनाएं दीं।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने पुलिस विभाग में भर्ती, पुलिसकर्मियों की सुविधाओं और युवाओं के लिए रोजगार के अवसरों को लेकर सरकार की योजनाएं सामने रखीं। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने ऐलान किया कि अगले दो साल में मध्य प्रदेश पुलिस विभाग में साढ़े 18 हजार पदों पर भर्ती की जाएगी। इसके साथ ही प्रदेश के हर जिले में पुलिस बैंड की व्यवस्था करने की बात भी कही। इसके लिए करीब साढ़े सात सौ पदों पर भर्ती की जाएगी।
सीएम ने कहा कि आने वाला साल युवा वर्ष के रूप में मनाया जाएगा और एमपीपीएससी की परीक्षाएं जनवरी-फरवरी में आयोजित होंगी। उन्होंने यह भी कहा कि पुलिसकर्मी दिन-रात अलर्ट रहकर अपनी जिम्मेदारी निभाते हैं। उन्हें कभी भी ड्यूटी पर जाना पड़ता है, इसलिए सरकार पुलिस विभाग के कर्मचारियों को जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने पर ध्यान दे रही है।
दशहरे के अवसर पर शस्त्र पूजन के साथ मुख्यमंत्री का यह ऐलान पुलिस विभाग में भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अहम है। अब नजर रहेगी कि साढ़े 18 हजार पदों पर भर्ती की प्रक्रिया कब शुरू होती है और अलग-अलग पदों के लिए विस्तृत कार्यक्रम कब जारी किया जाता है।



