MP: पीसीसी चीफ जीतू पटवारी का मास्टरस्ट्रोक, कांग्रेस चलाएगी घर वापसी अभियान

मध्य प्रदेश में कांग्रेस अब अपने पुराने नेताओं को फिर से पार्टी से जोड़ने की तैयारी में है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने घर वापसी अभियान चलाने का ऐलान किया है। पटवारी का दावा है कि इस अभियान के तहत 650 से ज्यादा नेताओं की कांग्रेस में वापसी हो सकती है, जिनमें 200 पूर्व विधायक और सांसद भी शामिल हैं। अभियान जिला स्तर पर चलाया जाएगा, लेकिन कांग्रेस के इस दावे पर बीजेपी ने सवाल खड़े कर दिए हैं।
मध्य प्रदेश में सियासी समीकरण साधने के लिए कांग्रेस अब घर वापसी की रणनीति पर काम कर रही है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने दावा किया है कि पार्टी से दूर जा चुके 650 से ज्यादा नेताओं को वापस लाने की तैयारी है। इस सूची में 200 पूर्व विधायक और सांसदों के शामिल होने की बात भी कही गई है। कांग्रेस इस अभियान को प्रदेशभर में जिला स्तर पर चलाने की तैयारी में है। कांग्रेस की योजना के मुताबिक, किसी भी नेता की पार्टी में वापसी से पहले संबंधित जिला कांग्रेस कमेटी की सहमति ली जाएगी। यानी घर वापसी का रास्ता जिला स्तर की सहमति के बाद ही साफ होगा।
वहीं, कांग्रेस के इस दावे पर बीजेपी ने सवाल उठाए हैं। बीजेपी के मीडिया अध्यक्ष बृजगोपाल लोया ने जीतू पटवारी पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें अपनी सूची अपडेट कर लेनी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि पटवारी ने कितना सच कहा है, यह जल्द सामने आ जाएगा।
कांग्रेस का दावा है कि, घर वापसी अभियान से पार्टी को मजबूती मिलेगी, जबकि बीजेपी ने इस दावे की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े किए हैं। अब देखना होगा कि कांग्रेस की सूची से कितने नेता वास्तव में पार्टी में लौटते हैं और इसका प्रदेश की सियासत पर क्या असर पड़ता है।



