MP: एयरपोर्ट विस्तार पर एक सुर में ताई-भाई-साईं, सुमित्रा महाजन, कैलाश विजयवर्गीय और शंकर लालवानी का प्लान तैयार

इंदौर की राजनीति में इन दिनों एक दिलचस्प नज़ारा देखने को मिल रहा है। एयरपोर्ट विस्तार को लेकर पहले ताई भाई ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखा… और अब साईं यानी सांसद शंकर लालवानी भी खुलकर मैदान में उतर आए हैं। इंदौर की सियासत में चर्चा है कि जब ताई, भाई और साईं… तीनों एक सुर में बोलें, तो समझिए मामला सिर्फ राजनीति का नहीं, शहर के भविष्य का है। लालवानी ने कहा कि मैं भी लगातार केंद्र में आवाज उठा रहा हूँ , और एयरपोर्ट का विस्तार का मामला बहुत जरुरी है।
इंदौर की राजनीति में अक्सर मुद्दों पर अलग-अलग सुर सुनाई देते हैं… लेकिन इस बार एयरपोर्ट विस्तार ऐसा मुद्दा बन गया है, जिसने ताई, भाई और साईं तीनों को एक मंच पर ला दिया है। सबसे पहले मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने एयरपोर्ट विस्तार की जरूरत बताई…इसके बाद सुमित्रा महाजन ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर रनवे और टर्मिनल विस्तार की मांग की…और अब सांसद शंकर लालवानी ने भी साफ शब्दों में कहा है कि सिर्फ ताई ही मांग नहीं कर रही हैं…मैं भी लगातार केंद्र सरकार के मंत्रियों और अधिकारियों से इस विषय पर चर्चा कर रहा हूं।
सांसद का कहना है कि, इंदौर एयरपोर्ट की क्षमता करीब 40 लाख यात्रियों की है, जबकि इस साल 43 लाख से ज्यादा यात्री यहां से सफर कर चुके हैं। आने वाले सिंहस्थ महापर्व को देखते हुए यात्रियों की संख्या और बढ़ने की संभावना है। यही वजह है कि अब केवल टर्मिनल विस्तार नहीं, बल्कि रनवे की लंबाई बढ़ाने, पैरेलल टैक्सी-वे बनाने और इंदौर में आधुनिक रडार सिस्टम स्थापित करने की मांग भी जोर पकड़ रही है। इसके लिए करीब 143 एकड़ अतिरिक्त जमीन की जरूरत बताई गई है। राज्य सरकार प्रस्ताव केंद्र को भेज चुकी है और कैबिनेट से मंजूरी जल्द मिल सकती है.
अब देखना यह होगा कि ताई का पत्र, भाई की पहल और साईं की पैरवी, क्या मिलकर इंदौर एयरपोर्ट को नई उड़ान दिला पाएंगे? क्योंकि इंदौर की जनता रनवे पर विकास की उड़ान देखना चाहती है।



