MP: नई जिम्मेदारी के बाद इंदौर आए गजेंद्र पटेल और कविता पाटीदार, कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया

भारतीय जनता पार्टी के दो नेताओं को राष्ट्रीय स्तर पर नई जिम्मेदारी मिलने के बाद इंदौर में उनका जोरदार स्वागत किया गया। राष्ट्रीय महामंत्री बने गजेंद्र पटेल और राष्ट्रीय मंत्री बनीं कविता पाटीदार पहली बार इंदौर पहुंचे, जहां एयरपोर्ट से लेकर भाजपा कार्यालय तक ढोल-ढमाकों और पुष्पवर्षा के बीच भव्य स्वागत रैली निकाली गई। इस दौरान दोनों नेताओं ने नई जिम्मेदारी, महिला सशक्तिकरण और विपक्ष से जुड़े सवालों पर खुलकर अपनी बात रखी।
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय पदाधिकारी बनने के बाद गजेंद्र पटेल और कविता पाटीदार पहली बार इंदौर आए। गजेंद्र पटेल को भाजपा संगठन में राष्ट्रीय महामंत्री और कविता पाटीदार को राष्ट्रीय मंत्री की जिम्मेदारी मिली है। दोनों नेताओं के प्रथम नगर आगमन पर भाजपा कार्यकर्ताओं और संगठन पदाधिकारियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
एयरपोर्ट पर बड़ी संख्या में भाजपा नेता और कार्यकर्ता स्वागत के लिए आए। ढोल-ढमाकों, पुष्पहारों और जोरदार नारों के बीच दोनों नेताओं का भव्य स्वागत किया गया। इसके बाद एयरपोर्ट से भाजपा कार्यालय तक स्वागत रैली भी निकाली गई।
नई राष्ट्रीय जिम्मेदारी मिलने के बाद कविता पाटीदार ने महिला सशक्तिकरण को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सिर्फ महिला सशक्तिकरण की बात नहीं करती, बल्कि उसे करके भी दिखाती है। उन्होंने कहा कि भाजपा सत्ता और संगठन दोनों में महिलाओं को लगातार बड़ी भागीदारी दे रही है। राहुल गांधी द्वारा सनातन को लेकर की गई बयानबाजी पर भी कविता पाटीदार ने तीखा पलटवार किया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की सोच और उनकी बातें हमेशा गलत होती हैं।
वहीं बीजेपी के राष्ट्रीय महामंत्री गजेंद्र पटेल ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन पर जो विश्वास जताया है और जो जिम्मेदारी दी है, उसका पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे। अपने क्षेत्र में ळमद ।सचीं छात्राओं के प्रदर्शन को लेकर गजेंद्र पटेल ने कहा कि कुछ लोगों ने बच्चों को भड़काने का काम किया है। वहीं प्रदर्शन को लेकर भी उन्होंने निशाना साधते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर बनी पार्टी को दुनिया को विभाजित करने वाले लोग समर्थन दे रहे हैं।
राष्ट्रीय जिम्मेदारी मिलने के बाद गजेंद्र पटेल और कविता पाटीदार का इंदौर दौरा केवल स्वागत समारोह तक सीमित नहीं रहा, बल्कि दोनों नेताओं ने साफ कर दिया कि अब राष्ट्रीय मंच पर उनकी जिम्मेदारियों के साथ सियासी तेवर भी नए अंदाज में दिखाई देंगे। इंदौर में हुआ भव्य स्वागत बीजेपी संगठन में दोनों नेताओं की बढ़ती भूमिका का भी बड़ा संदेश दे गया।



