MP: भोपाल में हाई वोल्टेज सियासत, BJP ने घेरा कांग्रेस कार्यालय

दिल्ली में प्रधानमंत्री आवास के बाहर राहुल गांधी के प्रदर्शन की गूंज अब मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल तक आ गई है। भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए प्रदेश कांग्रेस कार्यालय का घेराव करने कि कोशिश की है। इस दौरान हेमंत खंडेलवाल ने चेतावनी दी कि अगर कांग्रेस नहीं सुधरी तो भाजपा दो दो हाथ करने के लिए तैयार है।
भोपाल की सड़कों पर बुधवार को सियासत पूरी तरह गर्म दिखाई दी। प्रधानमंत्री आवास के बाहर राहुल गांधी के प्रदर्शन के विरोध में भारतीय जनता पार्टी ने राजधानी भोपाल में बड़ा प्रदर्शन किया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ता रेडक्रॉस चैराहे पर एकत्र हुए। यहां से विधायक भगवानदास सबनानी, विधायक रामेश्वर शर्मा, भाजपा जिला अध्यक्ष रवि दुबे और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता प्रदेश कांग्रेस कार्यालय की ओर बढ़ने लगे। हालांकि, पुलिस ने रेडक्रॉस अस्पताल के सामने लिंक रोड पर बैरिकेडिंग कर जुलूस को रोक दिया।
इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की और विरोध स्वरूप अपने हाथों में लिए पोस्टर और तख्तियां पुलिस बैरिकेडिंग की ओर फेंक दीं। प्रदर्शन के दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि राहुल गांधी देश में अराजकता का माहौल पैदा करना चाहते हैं। कांग्रेस यह न समझे कि, बीजेपी हर बात चुपचाप सहन करेगी। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि, कांग्रेस नहीं सुधरी तो मैदान में दो-दो हाथ करने के लिए भी तैयार है।
वहीं बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि, बीजेपी का अगला प्रदर्शन कांग्रेस की चटनी बनाने के लिए होगा.
कुल मिलाकर भोपाल में भाजपा के इस प्रदर्शन ने साफ कर दिया है कि दिल्ली में शुरू हुआ राजनीतिक टकराव अब राज्यों की राजनीति को भी प्रभावित कर रहा है। वही बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष के आक्रामक तेवर भी चर्चाओं में है.



