MP: छात्रों की गूंज अभियान से छात्रों को कांग्रेस का समर्थन, प्रियव्रत सिंह ने केंद्र सरकार को घेरा

दिल्ली में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज और कांग्रेस नेता राहुल गांधी को हिरासत में लिए जाने के विरोध में अब मध्य प्रदेश में कांग्रेस ने आक्रामक रुख अपना लिया है। छात्रों की गूंज अभियान के तहत इंदौर में कांग्रेस नेताओं ने प्रेस क्लब में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। पूर्व मंत्री प्रियव्रत सिंह और पूर्व नेता प्रतिपक्ष हीना कांवरे ने पेपर लीक, बेरोजगारी, शिक्षा व्यवस्था और छात्रों के आंदोलन को लेकर भाजपा सरकार को कटघरे में खड़ा किया।
दिल्ली में छात्रों के प्रदर्शन की गूंज अब इंदौर तक आ चुकी है। छात्रों की गूंज अभियान के तहत कांग्रेस ने इंदौर प्रेस क्लब में प्रेस वार्ता आयोजित कर केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। पूर्व मंत्री प्रियव्रत सिंह ने कहा कि, देश का युवा सबसे बड़ी ताकत है, लेकिन जब वही युवा अपनी मांगों को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से सड़क पर उतरा, तो सरकार ने उसकी आवाज सुनने के बजाय उस पर लाठियां बरसाईं।प्रियव्रत सिंह ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को हिरासत में लिए जाने का भी विरोध किया। छात्रों के समर्थन में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे राहुल गांधी के साथ जिस तरह की कार्रवाई हुई, उसने लोकतांत्रिक मूल्यों पर सवाल खड़े किए हैं। साथ ही उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफे कि मांग भी की है।
प्रेस वार्ता में कांग्रेस की वरिष्ठ नेता हीना कांवरे ने भी भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रदेश और देश का युवा आज बेरोजगारी, भर्ती में देरी, शिक्षा की बढ़ती लागत और परीक्षा व्यवस्था की अनिश्चितता से परेशान है। उन्होंने आरोप लगाया कि, छात्रों के लोकतांत्रिक विरोध को गंभीरता से सुनने के बजाय सरकार दमनात्मक रवैया अपना रही है।
कुल मिलाकर दिल्ली में छात्रों के आंदोलन की गूंज अब मध्य प्रदेश की राजनीति में भी साफ सुनाई दे रही है।



