एक शादी करने वाला ही MP में रहेगा, CM मोहन यादव का बड़ा ऐलान

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि, मध्यप्रदेश में वही रह पाएगा जो एक ही शादी करेगा। विधानसभा के मानसून सत्र में समान नागरिक संहिता लाएंगे।मुख्यमंत्री ने कहा- अगर राम एक शादी करेगा तो रहीम दो या चार शादियां क्यों करेगा? जो तीन तलाक कहेगा सीधे जेल जाएगा।
मध्य प्रदेश की राजनीति में अब सबसे बड़ी चर्चा समान नागरिक संहिता यानी UCC की है। कटनी में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने साफ संकेत दे दिए कि प्रदेश सरकार UCC लागू करने की दिशा में निर्णायक कदम बढ़ाने जा रही है। सीएम ने कहा कि, मध्यप्रदेश में वही रह पाएगा जो एक ही शादी करेगा। हिंदुओं और मुसलमानों के लिए अलग-अलग कानून क्यों हों? सबके लिए एक ही कानून होना चाहिए। अगर राम एक शादी करेगा तो रहीम दो या चार शादियां क्यों करेगा? मुस्लिम बहनें भी हमारी बहनें हैं और उनके अधिकारों की रक्षा जरूरी है।
सीएम बोले- तीन तलाक का दौर खत्म हो चुका है। अगर कोई तलाक, तलाक, तलाक कहेगा तो उसे जेल जाना पड़ेगा। उन्होंने बताया कि अगली कैबिनेट बैठक में UCC के मसौदे को मंजूरी दी जाएगी। कुल मिलाकर सीएम मोहन यादव के बयान के बाद समान नागरिक संहिता को लेकर मध्य प्रदेश की सियासत अब और गर्म होने वाली है।



