MP: दिग्विजय सिंह ने डिजिटल सन्यास का ऐलान किया, छोड़ा X अकाउंट

राजनीतिक सन्यास की चर्चाओं के बीच पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने डिजिटल सन्यास का ऐलान कर दिया है। दिग्विजय सिंह ने अपना X अकाउंट छोड़ दिया है। इतना ही नहीं उन्होंने अपना सोशल मीडिया और निजी मोबाइल दोनों अपने स्टाफ को सौंप दिए हैं।
सियासत में जहां नेता सोशल मीडिया पर सबसे ज्यादा सक्रिय रहने की होड़ में हैं… वहीं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने बिल्कुल अलग रास्ता चुना है। दिग्विजय सिंह ने अपना आधिकारिक X अकाउंट अब अपने कार्यालय के नाम कर दिया है। पहले उनका हैंडल digvijaya_28 था, जिसे बदलकर OfficeofDVS कर दिया गया है। यही नहीं, उन्होंने अपना निजी मोबाइल नंबर भी अपने सचिव सचिन वत्स को सौंप दिया है। फेसबुक पोस्ट के जरिए उन्होंने जानकारी दी कि अब इस नंबर पर आने वाले संदेश उनके सचिव देखेंगे और जरूरी जानकारी उन्हें पहुंचाएंगे।
दरअसल, दिग्विजय सिंह 20 अक्टूबर से उज्जैन से अयोध्या तक पदयात्रा निकालने जा रहे हैं। यह यात्रा श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी के मुद्दे को लेकर होगी। उन्होंने घोषणा की है कि यात्रा के दौरान वे सोशल मीडिया का इस्तेमाल नहीं करेंगे और जनसंवाद को प्राथमिकता देंगे। अब दिग्विजय सिंह का यह फैसला राजनीतिक रणनीति है या एक प्रतीकात्मक संदेश… ये तो आने वाला वक्त ही बताएगा लेकिन उनके इस डिजिटल सन्यास की चर्चाएं तेज है ।



