एमपी-citiesएमपी-ब्रेकिंगमेरा-देशराजधानी-रिपोर्टविशेष

MP: दतिया का दंगल, किसका होगा मंगल?, उपचुनाव के लिए मतदान, 3 अगस्त को आएंगे नतीजे

मध्यप्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान जारी है। सुबह सात बजे से शुरू हुई वोटिंग शाम छह बजे तक चलेगी। 291 मतदान केंद्रों पर दो लाख बीस हजार से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इस चुनाव में भाजपा, कांग्रेस और निर्दलीय उम्मीदवार के बीच मुकाबला बेहद रोचक माना जा रहा है। राजनीतिक दलों की नजर खासतौर पर दलित और ओबीसी वोट बैंक पर टिकी हुई है।

दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए मतदान शांतिपूर्ण माहौल में जारी है। सुबह सात बजे से मतदाता मतदान केंद्रों पर पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। निर्वाचन आयोग की ओर से सभी 291 मतदान केंद्रों पर सुरक्षा और मतदान की व्यापक व्यवस्था की गई है ताकि मतदान निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके। पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा सुबह सुबह वोट करने करने पहुंचे, नरोत्तम मिश्रा ने बीजेपी की जीत की भविष्यवाणी करते हुए कहा कि विकास की जीत होगी। वही उन्होंने चुनाव में गड़बड़ी के आरोप पर कांग्रेस को जवाब देते हुए कहा कि, यह कांग्रेस पार्टी की हताशा और निराशा दिखाता है। 

उपचुनाव में भाजपा के आशुतोष तिवारी, कांग्रेस के घनश्याम सिंह और निर्दलीय उम्मीदवार दामोदर के बीच सीधा मुकाबला माना जा रहा है। चुनावी मुकाबला इस बार काफी दिलचस्प हो गया है क्योंकि निर्दलीय उम्मीदवार दामोदर भी मजबूत चुनौती पेश कर रहे हैं और कई क्षेत्रों में उनकी सक्रियता चुनावी समीकरणों को प्रभावित करती हुई दिखाई दे रही है। भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ने भाजपा को भरपूर समर्थन मिलने का दावा किया। वही कांग्रेस उम्मीदवार घनश्याम सिंह ने मतदान के बाद ऐतिहासिक जीत का दावा करते हुए गड़बड़ी की आशंका भी जताई है.

राजनीतिक जानकारों के अनुसार इस चुनाव में जातीय समीकरण, दलित और ओबीसी वोट बैंक के साथ पिछले चुनावों का मतदान पैटर्न भी अहम भूमिका निभा सकता है। बसपा के चुनाव मैदान में नहीं होने के कारण दलित मतदाताओं के रुझान पर सभी दलों की नजर बनी हुई है। दतिया उपचुनाव के परिणाम तीन अगस्त को घोषित किए जाएंगे। इस उपचुनाव को केवल एक विधानसभा सीट का चुनाव नहीं बल्कि प्रदेश की राजनीतिक दिशा और दलों की संगठनात्मक ताकत की परीक्षा के रूप में भी देखा जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button