MP: किसानों को मोहन सरकार ने मनाया, मूंग पर बदल दिया सियासत का मूड!

मूंग की नाराजगी पर मोहन सरकार ने किसानों को मनाकर सियासत का मूड बदल दिया। किसान आंदोलन के बीच मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने बड़ा राजनीतिक दांव खेलते हुए किसानों को कई अहम राहतें दी हैं। सरकार ने मूंग खरीदी का दायरा 25 प्रतिशत से बढ़ाकर 60 प्रतिशत कर दिया है। स्लॉट बुकिंग और उपार्जन की समय सीमा भी बढ़ा दी गई है। इतना ही नहीं किसानों की शिकायतों के बाद खाद वितरण की ई टोकन व्यवस्था को भी फिलहाल स्थगित कर दिया गया है।
भोपाल में किसान आंदोलन और लगातार उठ रही मांगों के बीच मोहन सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए किसानों को राहत देने का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के निर्देश पर मंत्री समूह और किसान संगठनों के बीच हुई बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। सरकार ने साफ संकेत दिया कि किसानों के हितों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और उनकी व्यावहारिक समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।
सरकार ने मूंग खरीदी का दायरा 25 प्रतिशत से बढ़ाकर 60 प्रतिशत कर दिया है। इसके साथ ही किसानों की सुविधा के लिए स्लॉट बुकिंग की अंतिम तिथि 10 अगस्त तक और मूंग उपार्जन की अंतिम तिथि 20 अगस्त 2026 तक बढ़ा दी गई है। सरकार का मानना है कि इससे अधिक से अधिक किसानों को अपनी उपज बेचने का अवसर मिलेगा। खाद वितरण में ई टोकन व्यवस्था को लेकर किसानों की ओर से लगातार शिकायतें सामने आ रही थीं। इसके बाद सरकार ने तत्काल प्रभाव से इस व्यवस्था को स्थगित कर दिया है।
कुल मिलाकर किसानों के मुद्दे पर सीएम मोहन यादव ने संवेदनशीलता दिखाकर न सिर्फ किसानों को मनाया बल्कि सियासत में उठ रही विरोधी आवाज को भी बंद कर दिया। राजनीतिक गलियारों में इन निर्णयों को किसान आंदोलन के बीच सरकार की बड़ी रणनीतिक पहल माना जा रहा है।



